शोभायात्रा के लिए अनुमति मांगने पर मंदिर के पुजारी और सेवादारों की थानाध्यक्ष ने गाली-गलौच कर पिटाई कर दी। इससे आक्रोशित व्यापारियों ने थाने का घेराव कर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गए। वे थानाध्यक्ष को हटाने की मांग करने लगे। विधायक डा. प्रेम सिंह राणा ने थाने पहुंचकर पुलिस के खिलाफ कड़ा रोष जताया। सीओ उत्तम सिंह नेगी ने पीड़ित पुजारी और सेवादारों से पूछताछ कर खेद जताया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं, थानाध्यक्ष ने गलती स्वीकारी। जिस पर तीन घंटे बाद व्यापारियों ने धरना समाप्त किया।
शुक्रवार की सुबह साढ़े सात बजे श्री बालाजी मंदिर के पुजारी राधाबल्लभ पंतोला सेवादार रमेश गंगवार, निखिल मित्तल, विशाल कुमार, दीपक गुप्ता, सोनू पंतोला के साथ शनिवार को नगर में निकलने वाली श्री बालाजी की शोभा यात्रा का अनुमति पत्र लेने पहुंचे। थानाध्यक्ष के आवास से बाहर नहीं आने पर उन्होंने एएसपी टीडी वैला को फोन पर बताया कि 11 मार्च को एसडीएम ने पुलिस से अनुमति पत्र पर आख्या मांगी। तब से थानाध्यक्ष आख्या लगाने के लिए चक्कर कटवा रहे हैं। इस पर एएसपी ने थानाध्यक्ष रजत सिंह कसाना से फोन पर बात की। इससे थानाध्यक्ष बौखला गए और आवास से बाहर आते ही मंदिर के पुरोहित व सेवादारों से गाली गलौज करने के साथ उन्हें मारने-पीटने लगे। थानाध्यक्ष ने उन्हें हवालात में डालने के लिए पुलिस कर्मी को आदेश भी दिए। पुजारी और सेवादारों से मारपीट की सूचना नगर में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते थाने पर सैकड़ों व्यापारी व नगरवासी आ धमके। उन्होंने थाने का घेराव कर पुलिस की गुंडागर्दी के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान विधायक डा. प्रेम सिंह राणा भी मौके पर पंहुच गए।
विधायक ने एसएसपी नीलेश आनंद भरणे को घटना की जानकारी दी। एसएसपी ने सीओ उत्तम सिंह नेगी, खटीमा कोतवाल अजय ध्यानी को मय फ ोर्स के थाने भेजा। सीओ ने पीड़ितों से पूछताछ के बाद घटना पर खेत जताया और कार्रवाई का भरोसा दिलाया। थानाध्यक्ष ने भी पुलिस अफसरों व जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में गलती स्वीकार की। प्रदर्शनकारियों में देव भूमि व्यापार मंडल के अध्यक्ष मलूक सिंह खिंडा, डा. देवेन्द्र सिंह, प्रान्तीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष परमजीत सिंह डिंपल, हैप्पी बाजवा, सतनाम सिंह सोनू, छगन लाल अग्रवाल, केडी गहतोड़ी, वरिष्ठ कांग्रेसी गुरजीत सिंह, भुवन राणा, राजपाल सिंह, अजय सिंह अज्जू, दिपेश तिवारी, भवानी जोशी, सत्यनारायण मित्तल, हरीश जोशी, शिवकुमार मित्तल आदि थे।