चायल(ब्यूरो)। पिपरी कोतवाली क्षेत्र असरावल कला पेट्रोल पंप के बगल रखी गुमटी शुक्रवार की सुबह धू-धूकर जल गई। गुमटी से धुएं का गुबार और लपटों को देख पेट्रोल पंप में हडकंप मच गया। चीख-पुकार पर जुटे ग्रामीणों ने पेट्रोल पंप कर्मियों के साथ घंटेभर तक जूझने के बाद आग पर काबू पाया। गुमटी तक ही आग सिमटी रहने से बहुत बड़ा हादसा टला है। वहीं लोगों में गुस्सा रहा कि सूचना बाद भी दमकलकर्मी मौके पर समय से नहीं पहुंच सके।
पिपरी कोतवाली क्षेत्र के असरावल कला गांव निवासी रमेश कुमार की स्थानीय पेट्रोल पंप के बगल पान की गुमटी है। शुक्रवार की सुबह गुमटी में अचानक आग लग गई। पट्रोल पंप के बगल स्थित गुमटी से लपटें उठती देख स्थानीय लोगों के साथ पंप कर्मियों के होश उड़ गए। पंप तक आग फैलने की आशंका से अफरा-तफरी मच गई। शोर मचाते हुए लोगों ने घटना की जानकारी दमकल कर्मियों को दी।
साथ ही जुटे ग्रामीणों के साथ पंप के कर्मचारी आग बुझाने में जुटे। करीब घंटेभर की मशक्कत के बाद किसी तरह लोगों ने आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि आग थोड़ा और बढ़ जाती, तो बहुत बड़ा हादसा संभव था। फिलहाल आग बुझ जाने पर लोगों ने राहत की सांस ली। उधर, गुमटी जलने से दुकानदार का करीब 20 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। दूसरी तरफ लोगों में इस बात का गुस्सा रहा कि पेट्रोल पंप के बगल गुमटी में आग लगने की सूचना देने के बाद भी दमकल कर्मी मौके पर तब आए, जब गांववाले आग बुझा चुके थे। पेट्रोल पंप जैसे अतिसंवेदनशील स्थान के समीप आग लगने के बाद भी दमकलकर्मियों के देर से आने को लेकर लोगों में आक्रोश देखने को मिला।