ढाबे के सामने वाहन चेकिंग करने का विरोध करने पर सिपाही ने डंडा मारकर होटल स्वामी का दांत तोड़ दिया। घटना से भड़के लोगों ने हंगामा कर एसआई का घेराव कर तहरीर सौंपी।
बृहस्पतिवार रात काशीपुर रोड स्थित एक ढाबे पर सामने बैठकर सिपाही वाहन चेकिंग कर रहे थे। ढाबा स्वामी ने कुछ हट कर बैठने को कहा। जिस पर सिपाही ने उसको डंडा मार दिया। जिससे ढाबा स्वामी हरमीत सिंह निवासी गांव महेशपुरा का दांत टूट गया। शुक्रवार को दर्जनों लोग एकत्र होकर कोतवाली पहुंचे। उन्होंने एसआई पान सिंह का घेराव कर तहरीर सौंपी। आरोप है कि ढाबे के आगे बैठक कर सिपाही वाहनों से अवैध वसूली करते हैं। सिपाहियों के ढाबे के आगे बैठने पर डर की वजह से होटल पर ग्राहक नहीं आते हैं। इस मौके पर लीलाधर सैनी, अशरफ अली, मुख्तार सिंह, मोहन, उस्मान अली, कुलदीप सिंह, रमेश, मिंटू, धोनी मौजूद थे। इधर कोतवाल ओमप्रकाश शर्मा ने कहा कि मामले की पड़ताल की जाएगी।