सोमवार रात को आवास विकास निवासी पिता पुत्र व बंडिया निवासी एक व्यक्ति को बहेड़ी के पास ट्रक ने कुचल दिया। दुर्घटना में तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक साथ हुई तीन मौतों से नगर में शोक है।
आदित्य चौक के निकट इन्ट्रास फैक्ट्री में काम करने वाले एक श्रमिक के साले की सोमवार को बहेड़ी में शादी थी। साले की शादी के लिए श्रमिक ने अपने साथी मित्रों को भी आमंत्रित किया था। सोमवार रात इन्ट्रांस के अधिकांश श्रमिक शादी में हिस्सा लेने को बहेड़ी गए थे। आवास विकास कालोनी निवासी सतेंद्र कुमार साहू भी जब शादी में जाने लगा तो उसका पुत्र चौदह वर्षीय सुजीत भी जाने की जिद करने लगा। सतेंद्र अपने पुत्र सुजीत के अलावा बंडिया में नमक फैक्ट्री के पास रहने वाले अपने साथी राम प्रवेश को भी साथ ले गया।
बताते हैं कि रात लगभग एक बजे तीनों बहेड़ी से लौट रहे थे। मंडनपुर के निकट खालसा ढाबे के सामने लघुशंका को तीनों रुके तो बहेड़ी की ओर से आ रहे एक ट्रक ने तीनों को रौंद दिया। दुर्घटना के बाद तीनों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक छोड़ फरार हो गया। सूचना पर पहुंची बहेड़ी पुलिस ने शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम को भिजवाया।
शव पहुंचे, मचा कोहराम
मंगलवार सुबह शव पोस्टमार्टम के बाद जब नगर में पहुंचे तो कोहराम मच गया। बंडिया में नहर पार नमक फैक्ट्री के निकट रहने वाला राम प्रवेश मूल रूप से गोरखपुर का रहने वाला है। घर पर राम प्रवेश के अलावा पत्नी अनीता व तीन बेटिया अन्नू, मुस्कान व विशाखा है। लगभग पांच साल रहले रामप्रवेश ने नदी पार थोड़ी सी जमीन खरीदकर अपना घर बनाया था कि आज यह हादसा हो गया घर पर उसकी बेटियों व पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
इधर आवास विकास कालोनी निवासी सतेंद्र भी पूर्व उत्तर प्रदेश से रोजगार की तलाश में तराई आया था। आवास-विकास में प्रीतम के घर पर किराये पर रहकर वह इन्ट्रास फैक्ट्री में काम करता था। बताते हैं कि साथी श्रमिक के साले के विवाह पर जाने के लिए उसने अपने एक साथी की बाइक मांग रखी थी। जब जाने लगा तो बेटा सुजीत भी चलने की जिद करने लगा। उसके घर पर कोहराम मचा हुआ है। उसकी दो बेटियां व दो बेटे थे। हादसे में चौदह साल का बेटा भी चला गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
हादसों में पांच और एक अन्य की मौत से लोग स्तब्ध
एक रात में छह लोगों की मौत से किच्छावासी स्तब्ध हैं। सोमवार रात आवास विकास कालोनी निवासी सतेंद्र साहू और उसके पुत्र सुजीत के साथ बंडिया निवासी रामप्रवेश की बहेड़ी में ट्रक दुर्घटना में मौत हो गई जबकि पंत कालोनी निवासी अजीत सिंह की कैंटर दुर्घटना में सितारंगज में मौत हो गई। अजीत सिंह घुम्मन पुत्र सतनाम सिंह मूल रूप से ग्राम मकरोई के रहने वाले थे। वे पिछले कुछ वर्षों से पंत कालोनी में रह रहे थे। उनके एक बेटी व एक बेटा है।
इधर रेलवे पुल से गिरने से पृथ्वीपुर निवासी सुनील की पुल से गिरकर मौत हो गई। पुलभट्टा थानाध्यक्ष हरेंद्र चौधरी ने बताया कि अनुमान है कि वह पुल पार कर रहा था कि अचानक रेल आ गई। कोई रास्ता ना देख युवक ने जान बचाने के लिए छलांग लगा दी। बाद में मृतक की शिनाख्त बहेड़ी के ग्राम पृथ्वीपुर निवासी सुनील कुमार (22) के रूप में हुई।