अब लड़कियों के लिए रेलवे स्टेशन भी सुरक्षित नहीं हैं। एक सिरफिरे युवक ने रेलवे स्टेशन से एक छात्रा को जबरन उठाने का प्रयास किया। छात्रा के विरोध करने पर युवक उसका मोबाइल छीन कर फरार हो गया।
शुक्रवार की सुबह लालकुआं से मुरादाबाद जा रही सवारी रेलगाड़ी काशीपुर स्टेशन पर रुकी। उसी समय एक युवक भागता हुआ प्लेटफार्म पर आया। उसने एकडिब्बे से उतर रही लड़की का हाथ पकड़ा और बोला मेरे साथ चल। स्टेशन के बाहर मेरी बाइक खड़ी है। मैं तेरे से शादी करूंगा। लड़की ने हाथ जोड़ कर कहा मैं तेरे से प्रेम नहीं करती हूं मुझे माफ कर मेरी शादी तय हो गई है। इस पर युवक रेल के डिब्बे पर अपना सिर पटकने लगा और फिर जबरन लड़की का हाथ पकड़ कर साथ ले जाने लगा। तब लड़की ने शोर मचा विरोध किया। इससे भीड़ जमा हो गई। तब युवक लड़की के हाथ से उसका मोबाइल छीन कर भाग गया। लड़की ने बताया कि वह गूलरभोज की रहने वाली है। जबकि लड़का बाजपुर का है। वह डिग्री कालेज काशीपुर में परीक्षा दे रही है।
उधर रेल में बैठी सवारियों ने बताया कि उक्त युवक ने इससे पहले सुल्तानपुर पट्टी रेलवे स्टेशन पर भी इसी लड़की को डिब्बे से जबरन उतारने का प्रयास किया था। गाड़ी चलने पर वह बाइक से रेलगाड़ी से पहले काशीपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंच गया। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान स्टेशन पर एक भी पुलिस कर्मी कहीं दिखाई नहीं दिया।