रेशमबाड़ी क्षेत्र में आंगन में पत्थर फेंकने को लेकर दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में दो महिलाओं सहित आठ पुरुष घायल हो गया, एक पक्ष ने रंपुरा चौकी पुलिस को तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। जबकि दूसरे पक्ष के घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
रंपुरा चौकी पहुंचे रेशमबाड़ी निवासी अजगर अली का पुलिस को सौंपी तहरीर में कहना है कि कुछ समय पहले उसके बेटे की मौत हो गई थी। बुधवार को उसके घर पर 40 वीं रस्म की तैयारी चल रही थी। रस्म में शामिल होने के लिए घर पर मेहमानों का तांता लगा हुआ था। आरोप है कि सुबह करीब 11 बजे पड़ोस में रहने वाले रहीसुउद्दीन, शाहरुख, नाजीम और नईम ने उनके परिवार के लोगों के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। विरोध करने पर चारों करीब 15-20 लोगों के साथ उनके घर में घुसे और चाकू व तमंचों की बटों से परिवार के लोगों को पीटना शुरू कर दिया।
इसमें उसके साथ ही उसके पिता अजगर अली, मां फातमा बेगम, भाई मुर्सरफ अली, ससुर मकसूद अली और सास सायरा बेगम बुरी तरह चोटिल हो गई। अजगर का यह भी आरोप है कि उक्त लोगों ने घर में घुसने के बाद रस्म के लिए तैयार किए गए खाने की भी पूरी तरह बर्बादी कर दी। जाते-जाते भी उनके घर पर पथराव कर गए, इससे उनका काफी नुकसान हो गया। वहीं दूसरे पक्ष से उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचे घायल रहीसुद्दीन, शाहरुख, नाजीम और नईम का आरोप है कि अजगर अली के घर में चल रही 40वीं की रस्म के दौरान किसी बच्चे ने उनके घर के आंगन में पत्थर फेंक दिया।
बच्चे की शिकायत लेकर जब शाहरुख अजगर के पास पहुंचा तो अजगर ने अपने पिता और भाई के साथ मारपीट कर दी। बीच-बचाव करने आए अन्य तीनों को भी उन्होंने धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। फिलहाल अजगर ने दूसरे पक्ष के लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।