मोहल्ला रतना मंडैया स्थित श्री दुर्गा मंदिर का लाउडस्पीकर नमाज के वक्त शाम को बंद रखने को लेकर दोनों समुदायों के बीच मनमुटाव हो गया। जिस पर हिंदू समाज के लोगों ने थाने पहुंचकर हंगामा किया।
वहां पहुंचे एसडीएम और सीओ ने दोनों समुदायों की बैठक कर सौहार्द बनाए रखने की अपील की। इस दौरान मंदिर का लाउडस्पीकर सुबह छह से सात बजे तक और शाम को पौने आठ से साढ़े आठ बजे तक बजाने पर सहमति बनी।
राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में शनिवार शाम को बैठक हुई। जिसमें एसडीएम तीरथपाल सिंह, सीओ राजीव मोहन, थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार ने कहा कि सभी लोग भाईचारे के साथ आपस में मिलजुल कर त्यौहार मनाएं।
किसी ने भी क्षेत्र की फिजा बिगाड़ने की कोशिश की तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहां नगर पंचायत अध्यक्ष मो. शफी, पूर्व अध्यक्ष हामिद अली, विधायक प्रतिनिधि महेंद्र कालड़ा, सभासद अकरम खां ने कोई भी परेशानी होने पर आपस में चर्चा करके समस्या सुलझाने की अपील की।
वहां बेअंत सिंह, शब्बीर अहमद, ज्ञान चंद गुप्ता, जितेंद्र चानना, सचिन शर्मा, नसीम खां, बलवंत तनेजा, अजय शर्मा, हरिओम शर्मा, मो. अय्यूब, मो. सद्दीक, शशिप्रीत सिंह, इश्तियाक, सतीश सुधा, प्रवीन कालरा आदि थे।