पुलिस ने एक कार में सवार तीन हथियारबंद बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार वे किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने जा रहे थे।
आईटीआई थाना के एसआई बीएस खाती को शुक्रवार देर शाम मुखबिर ने सूचना दी कि सिल्वर रंग की मारुति जेन कार में तीन बदमाश काशीपुर से बाजपुर की ओर जा रहे हैं।
एसआई खाती ने पुलिस के साथ जैतपुर मोड़ पर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक सिल्वर रंग की मारुति जेन कार तेजी से आ रही थी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने कार तेजी से भगा दी।
पुलिस ने पीछा कर कार को रोक लिया। कार में चालक सहित तीन लोग सवार थे। तलाशी लेने पर दो के पास एक-एक तमंचा, दो-दो कारतूस, एक के पास चाकू मिला।
पकड़े गए लोगों ने अपना नाम बाजपुर गांव निवासी लियाकत, मोहल्ला लक्ष्मीपुर निवासी शौकत अली और ग्राम छतरिया थाना रजबपुर (जेपी नगर) यूपी निवासी राजपाल सिंह बताया।
पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। एसओ आईटीआई थाना हरेंद्र चौधरी ने बताया कि तीनों के अंतरराज्यीय बदमाश गिरोह के सदस्य होने की आशंका है। यह तीनों किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने जा रहे थे। उनका पुराना रिकॉर्ड भी तलाशा जा रहा है।