नानकमत्ता। श्मशान घाट के पास बंगाली कॉलोनी निवासी हरि समापति कर्नाटक में मजदूरी करता है। यहां उसकी पत्नी अंजू अपने बेटे महादेव और बेटी पुष्पा (12) के साथ रहती है। सोमवार को अंजू दिहाड़ी मजदूरी करने सितारगंज गई थी। दोपहर 12 बजे पुष्पा ने छप्पर की बल्ली पर चुन्नी डालकर आत्महत्या कर ली। नहा कर घर पहुंचे महादेव ने बहन के शव को देखा तो उसकी चीख निकल गई। घटना की सूचना पर अंजू भी घर पहुंची, उसका रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर पहुंचे एसआई हेमचंद हार्डिया और एसआई प्रवीण कुमार ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। उधर बेटी की मौत की खबर मिलने पर हरि समापति घर के लिए चल दिया है। उसे घर पहुंचने में दो दिन लगेंगे। चौकी इंचार्ज हेमचंद्र हार्डिया ने बताया कि पुष्पा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय सिद्धा में आठवीं की छात्रा थी। आत्महत्या के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्लंबर ने फांसी लगाकर की खुदकुशी
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप आई ब्लाक निवासी कोमल (40) पुत्र श्रीनिवास प्लंबर का काम करता था। वह नशे का आदी था। रविवार रात परिवार के सभी लोग विवाह समारोह में गए थे। वहां से लौटकर कोमल की अपनी पत्नी जमुना से कहासुनी हो गई। नशे में कोमल ने पत्नी और बेटियों की पिटाई कर दी। इस पर पत्नी बेटियों को लेकर पास ही रहने वाले पार्षद मोनू निषाद के घर चली गईं। कुछ देर बाद जब वह घर लौटे तो आंगन में स्थित पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका मिला। चीख पुकार सुन मौके पर पहुंचे लोगों ने कोमल को फंदे से उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर जिला अस्पताल पहुंची ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मोहल्लेवासियों ने बताया कि कोमल आए-दिन पत्नी और बच्चों संग मारपीट करता था। उसकी इसी आदत से तंग आकर करीब दो साल पहले उसकी एक पुत्री भी आत्महत्या कर चुकी है। वह अपने पीछे पत्नी जमुना और तीन बेटियों सुष्मिता (17), माया (15) और रिया (8) को रोता बिलखता छोड़ गया है।
नीम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला युवक का अर्द्धनग्न शव
गदरपुर। ग्राम नेतानगर निवासी मनप्रीत पुत्र नरेंद्र सिंह (25) का शव सोमवार दोपहर को ग्राम आदर्शनगर में ओमप्रकाश सिंह के फार्म के निकट नीम के पेड़ पर फंदे से लटका हुआ मिला। ग्रामीणों की सूचना पर गूलरभोज चौकी इंचार्ज राजेंद्र प्रसाद, एसआई मनोहर चंद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों से पूछताछ की और परिजनों को बुलाकर पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना पर सीओ बाजपुर भी पहुंचे और घटना की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। मृतक के बड़े भाई ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही वास्तविकता सामने आएगी। पुलिस कई बिंदुओं को लेकर जांच कर रही है।
पंजाब पुलिस का वांछित था मनप्रीत
दिनेशपुर। गदरपुर थाना क्षेत्र के गांव महावीर नगर में संदिग्ध अवस्था मृत मिले मनप्रीत सिंह उर्फ मम्पी पंजाब पुलिस का वांछित अभियुक्त था। थाना प्रभारी डीआर वर्मा ने बताया कि छह मार्च को पंजाब पुलिस ने थाने में आमद दर्ज कराने के बाद मनप्रीत के घर कुर्की का नोटिस चस्पा किया था। पंजाब पुलिस के अनुसार मनप्रीत के खिलाफ उनके थाने में धारा 302, 382, 148, 149, व 120 बी के तहत मुकदमा दर्ज है और कई दबिशों के बाद भी उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पा रही थी। बिलासपुर के एक हत्याकांड में मनप्रीत के शामिल होने की बात सामने आई थी, लेकिन पंजाब में उस पर मुकदमे की जानकारी मिलने पर सभी हैरत में थे।
आईआरबी परिसर में जसपुर की युवती ने जहर खाया
रामनगर (नैनीताल)। जसपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी 23 वर्षीय युवती अपने मामा (बीएसएफ में सिपाही) के साथ सोमवार को इंडियन रिजर्व वाहिनी प्रथम (आईआरबी) परिसर बैलपड़ाव पहुंची। उसने एक सिपाही पर शारीरिक शोषण का आरोप लगाते हुए जहर खा लिया। संयुक्त चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। आईआरबी के कमांडेंट करन सिंह नगन्याल ने बताया यदि सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज होगा तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।