रुद्रपुर की मटके वाली गली में रेडीमेड कपड़े का व्यापार करने वाले न्यू पंजाबी कॉलोनी निवासी एक युवक ने बुधवार सुबह तमंचे से स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सुमित पाल सिंह (35) पुत्र स्व. भूपेंद्र सिंह न्यू पंजाबी कॉलोनी में अपनी मां के साथ रहता था। सुमित रुद्रपुर की मटके वाली गली में देसी ब्वॉयज नाम से रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाता था। परिजनों के अनुसार बुधवार सुबह सुमित की मां सुबह सात बजे गुरुद्वारे गई, इस दौरान सुमित सो रहा था। बताया गया कि जब मां लौटी तो उसका दरवाजा बंद था।
किसी तरह दूसरे दरवाजे से मां अंदर गई तो अंदर खून से लथपथ सुमित का शव पड़ा था। सूचना पर कोतवाली से एसआई विनोद कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसआई कुमार ने बताया कि सुमित के सिर में गोली लगी थी जबकि 315 बोर का तमंचा पास ही बेड पर पड़ा था।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। इधर, नगर की पॉश कालोनी में हुई घटना की सूचना पर पालिकाध्यक्ष महेंद्र चावला, पंजाबी महासभा के जिलाध्यक्ष ठाकुर दास सुखीजा, भाजपा नेता किशन गोयल समेत बड़ी तादाद में लोग मृतक के आवास पर पहुंचे और शोक जताया। परिजनों ने बताया कि कुछ साल पहले सुमित का विवाह बाजपुर निवासी एक युवती से हुआ था। दोनों की एक पुत्री है। बाद में उनका तलाक हो गया था।