कांग्रेस प्रदेश टीम के कप्तान किशोर उपाध्याय के समक्ष शनिवार को जिला मुख्यालय पर कांग्रेस दो गुटों में बंटी नजर आई। एक तरफ पूर्व मंत्री के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया तो दूसरी तरफ पूर्व महानगर अध्यक्ष हिमांशु गावा की अगुवाई में कांग्रेसी अपनी ताकत का एहसास कराते हुए स्वागत करते नजर आये।
जिला मुख्यालय पर कांग्रेसियों के बीच गुटबाजी वैसे तो नई बात नहीं है। यहां कांग्रेस अकसर ही कई गुटों में बंटी नजर आती है, लेकिन आम तौर पर किसी बड़े नेता के आगमन पर या किसी बड़े कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ता गुटबाजी का अहसास नहीं होने देते।
लेकिन शनिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का जिला मुख्यालय में पहुंचे तो कांग्रेसियों के दो गुटों ने उनका अलग-अलग स्वागत किया। तड़के पांच बजे ट्रेन से रुद्रपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष को स्वागत करने के लिए पहुंचे कांग्रेसियों की गुटबाजी स्टेशन पर ही नजर आने लगी थी।
यहां निवर्तमान महानगर अध्यक्ष हिमांशु गावा और हाल ही में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष बनाये गए जगदीश तनेजा अपनी-अपनी टीम के साथ प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करने और उन्हें लेने पहुंचे थे। इस दौरान गावा पक्ष के कांग्रेसियों ने गावा और प्रदेश अध्यक्ष के पक्ष में नारेबाजी भी। इससे प्रदेश अध्यक्ष अध्यक्ष को भी यह समझते देर नहीं लगी कि कार्यकर्ताओं के बीच कुछ मनमुटाव है।
मामले को भांपते हुए प्रदेश अध्यक्ष उपाध्याय हिमांशु गावा की कार पर सवार होकर रामपुर रोड स्थित एक होटल पहुंचे। यहां गावा समर्थक कांग्रेसियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने गावा खेमे की नाराजगी दूर करने की कोशिश भी की।
यहां से प्रदेश अध्यक्ष उपाध्याय पूर्व मंत्री बेहड़ के निवास पर पहुंचे जहां भारी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया। स्वागत के दौरान देर तक किशोर उपाध्याय, हरीश रावत और तिलकराज बेहड़ जिंदाबाद के नारे गूंजते रहे।
उन्होंने कहा कि 20 जून के बाद केंद्र सरकार के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा, जिसका शुभारंभ गढ़वाल से होगा। इस दौरान ब्लाक प्रमुख दलजीत सिंह, सुभाष बेहड़, नारायण सिंह बिष्ट, साहब सिंह विर्क, जगदीश तनेजा, महेन्द्र चावला, दिनेश पंत, अजय तिवारी , पुष्कर राज जैन, हरीश,राम रमेश तिवारी, संजय जुनेजा, सुखा सिंह सुशील गावा, ममता रानी, मीना शर्मा आदि मौजूद थे।
गुटबाजी खत्म करने को प्रदेश अध्यक्ष ने की मंत्रणा
हाल ही में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष बदले जाने के बाद जिला मुख्यालय पर पार्टी कार्यकर्ताओं में शुरू हुई गुटबाजी को दूर करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष ने शनिवार को कोई कसर नहीं छोड़ी।
उपाध्याय ने गुटबाजी को शांत करने के लिए सोनिया होटल में निवर्तमान महानगर अध्यक्ष हिमांशु गावा के साथ बंद कमरे में मंत्रणा की और उन्हें पार्टी में यथोचित सम्मान दिलाए जाने की बात कही।
आवास विकास में बेहड़ निवास पर पूर्व मंत्री के साथ भी प्रदेश अध्यक्ष ने देर तक मंत्रणा की। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गुटबाजी पर चिंता जताते हुए आपसी मतभेदों को मिल बैठकर सुलझाने पर जोर दिया।
हिमांशु गावा का बढ़ेगा कद
छह वर्षों तक महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पद की कमान संभालने वाले हिमांशु गावा का पार्टी में अब कद बढ़ाने की तैयारी है। इसका खुलासा शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने सोनिया होटल में स्वागत कार्यक्रम के दौरान किया। गावा समर्थक कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उपाध्याय ने कहा हिमांशु गावा के परिवार की तीन पीढ़ियों ने पार्टी की सेवा की है।
गावा परिवार का योगदान कांग्रेस कभी भुला नहीं सकती और पार्टी सदैव गावा परिवार की ऋणी रहेगी। गावा के कुशल नेतृत्व एवं 6 वर्षों के सफल कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्होंने ऐलान किया कि जल्द ही हिमांशु गावा को पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी दी जाएगी।
इस दौरान मीना शर्मा, पुष्कर राज जैन, हरीश पनेरू, बलदेव राज छाबड़ा, गोपाल भसीन, हरीश बावरा, अनिल शर्मा, प्रीत ग्रोवर, राजू शाहा, प्रेमानंद महाजन, ममता हालदार, लता सिंह, पुरूषोत्तम अरोरा, अशोक छाबड़ा, प्रीतम सिंह चावला, साजिद खां, तजिन्दर सिंह, विरमा कोली आदि कांग्रेसी थे।
उपाध्याय से मिले छोटे लाल के परिजन
जनपद में दौरे पर आये कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने पूर्व मंत्री बेहड़ के आवास पर दिवंगत पूर्व प्रधान स्व. छोटे लाल के परिजनों से भी मुलाकात की। बता दें कि पूर्व प्रधान की सात जून को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। प्रदेश अध्यक्ष ने मृतक की पत्नी अनुपमा को सांत्वना देते हुए कहा कि हत्याकांड के साजिशकर्ता अवश्य बेनकाब होंगे। उन्होंने परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन भी दिया।