बेकाबू ट्रक की टक्कर से उछला मजदूर सामने से आ रही कार पर गिरा, जिससे बेकाबू हुई कार ट्रक से भिड़ गई। हादसे में मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई और कार सवार एयरपोर्ट के अधिकारी और उनकी पत्नी घायल हो गए। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है। दोनों वाहन कब्जे में ले लिए हैं। फिलहाल किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।
बहेड़ी बरेली निवासी सेवाराम (45) पुत्र नारायण राम पेंटागन कालोनी में मजदूरी करता था। बुधवार की रात वह मटकोटा मार्ग पर कालीनगर बाजार से पैदल लौट रहा था। जयनगर पेट्रोल पंप के पास बेकाबू ट्रक (एचपी 58-6571) ने उसे टक्कर मार दी। सेवाराम उछलकर सामने से आ रही पंतनगर एयरपोर्ट के वरिष्ठ संचार अधिकारी मनोरंजन सरकार की कार (आरजे 35 सी-0174) पर गिरा, जिससे कार भी बेकाबू हो गई और ट्रक से भिड़कर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में कार सवार मनोरंजन सरकार और उनकी पत्नी रीता सरकार भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि मजदूर सेवाराम की मौके पर ही मौत हो गई। कार सवार घायलों को रुद्रपुर अस्पताल ले जाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर ट्रक चालक मनाली हिमाचल प्रदेश निवासी प्रवीण कुमार को हिरासत में ले लिया। बृहस्पतिवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव मृतक के परिजनों को सौंप दिया। इधर, मनोरंजन सरकार दिनेशपुर के वार्ड नंबर चार निवासी है। वह दिनेशपुर से एक शादी समारोह से लौट रहे थे।