गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब की 27 सदस्यीय प्रबंध समिति के लिए 10 चरणों में होने वाला डायरेक्टरों का चुनाव के छठे चरण में सितारगंज उत्तरी और दक्षिणी सीट पर अन्य दावेदारों के नामांकन वापस लेने से कड़े संघर्ष के आसार बन गए हैं। छठे चरण के संपन्न होते ही प्रधान पद के दावेदारों ने भी संभावित डायरेक्टरों से मिलकर अपनी चुनावी रणनीति शुरू कर दी है। अब तक प्रधान पद पर पांच दावेदार सामने आ चुके हैं।
गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब की प्रबंध समिति के लिए चुनाव के छठे दौर में सितारगंज उत्तरी और दक्षिणी सीट पर कड़ा मुकाबला दिखाई दिया।
हलका नंबर 13 सितारगंज दक्षिणी सीट पर तीन दावेदारों में से महल सिंह के नाम वापस लेने के बाद पाल सिंह और प्रगट सिंह के बीच कड़े संघर्ष में सभी 25 डेलीगेटों ने अपने मतों का प्रयोग किया। वहीं, हलका नंबर 14 उत्तरी सितारगंज के डायरेक्टर सीट पर नौ दावेदारों ने अपना दावा ठोंका था। चुनाव से पूर्व समझौते के तहत सात अन्य दावेदारों के नाम वापसी के चलते मुकाबला जसवीर सिंह और महेंद्र सिंह के बीच सिमट गया।
सीट पर 19 मतदाताओं में से सभी ने अपने मतों का प्रयोग किया। छठे चरण के संपन्न होते ही गुरुद्वारा के प्रधान बनने के दावेदार भी अपनी चुनावी रणनीति बनाने में जुट गए हैं। अब तक तराई सिख महासभा के अध्यक्ष प्रीतम सिंह संधू, जसविंदर सिंह गिल, दीनदयाल भुल्लर, कुलदीप सिंह पन्नू और बलजीत सिंह के नाम प्रधान पद की दावेदारी के रुप में सामने आ चुके हैं। सभी दावेदार अपने पक्ष के डायरेक्टरों को जिताने के लिए डेलीगेटों के साथ मिलकर रणनीति बना रहे हैं।