थाना ट्रांजिट कैंप के नारायण नगर में एक महिला अपने ही घर में किराएदारों से देह व्यापार का गिरोह चला रही थी। बृहस्पतिवार को पुलिस ने घटना का खुलासा कर दिया। मौके से पकड़े गए चार युवकों और तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है।
एसएसपी डॉ. सदानंद दाते को कुछ दिन पूर्व थाना ट्रांजिट कैंप स्थित नारायण नगर में देह व्यापार करने की सूचना मिली थी। इस पर एसएसपी ने सीओ यातायात बीएस मथवाल के नेतृृत्व में टीम को आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगा दिया। इस टीम को बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली कि नारायण स्थित एक मकान में एक 45 वर्षीय महिला सैक्स रैकेट चला रही है।
सूचना पर सीओ मथवाल ने अपनी टीम के साथ बृहस्पतिवार को उक्त घर में छापा मारा तो वहां पर दो महिलाओं सहित चार युवक आपत्तिजनक हालत में मिले। पकड़े गए लोगों की निशानदेही पर पुलिस ने मकान मालकिन को भी अपनी हिरासत में ले लिया। पूछताछ में मकान मालकिन ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व से उसके मकान में देह व्यापार का धंधा चल रहा है। वह अपने यहां आने वाले ग्राहकों को 200 रुपये प्रति घंटे के हिसाब से कमरा देती थी।
इसमें से 100 रुपये उसे मिलते थे और 100 रुपये धंधा करने वाली महिला लेती थी, लेकिन वहां आने वाले ग्राहक महिलाओं को कहां से लाते थे इस बात की जानकारी उसे नहीं है। पकड़े गये युवकों ने खेड़ा वार्ड नंबर पांच निवासी राकेश कोहली, सद्दाम, इंद्रा कॉलोनी निवासी सन्नी, पटेल नगर निवासी अनिल पाल है, जबकि मकान मालकिन के साथ पकड़ी गई एक महिला शिमला पिस्तौर की और दूसरी दिनेशपुर की है। फिलहाल पुलिस पकड़ी गई महिलाओं और युवकों के साथ ही रैकेट चलाने वाली मकान मालकिन के खिलाफ भी संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
पति की लाचारी ने दलदल में धकेला
थाना ट्रांजिट कैंप के नारायण नगर में देह व्यापार चलाने वाली महिला को उसके पति की लाचारी ने देह व्यापार के दलदल में धकेल दिया। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह काफी लंबे समय से नारायण नगर में रहती है। करीब दो वर्ष पूर्व उसका पति मानसिक रूप से कमजोर हो गया था। पैसों के अभाव में वह पति का इलाज नहीं करा पाई। इसके चलते उसकी हालत दिन ब दिन खराब होती रही और अब वह इतना विक्षिप्त हो चुका है कि उसे घर पर लोहे की जंजीर से बांधकर रखना पड़ता है। करीब एक वर्ष पूर्व से उसके पैरों में दिक्कत होने के कारण वह भी चलने फिरने में असमर्थ है। और अपना खर्चा चलाने के लिए उसे इस दलदल में उतरना पड़ा।
छह कमरों में चल रहा था कारोबार
नारायण नगर में पुलिस द्वारा पकड़े गये सैक्स रैकेट का कारोबार करने वाली महिला अपने घर में बने छह कमरों में चला रही थी। महिला के बुजुर्ग होने और नेटवर्क बड़ा ना होने के कारण स्थानीय महिलाएं और युवक ही उसके ग्राहक बनते थे। इसमें भी युवक जहां 22 से 30 वर्ष के होते थे वहीं महिालाएं 35 से 45 वर्ष तक की होती थी।