कैमरी में उदयपुर गांव के पास सोमवार को बारातियों से भरी स्कार्पियो अगला टायर फटने से एक खड़े ट्रक में घुस गई। इसमें दूल्हे के मामा फुटकुआं हल्द्वानी निवासी रिटायर्ड फौजी जीवन सिंह बिष्ट (50) और बदायूं निवासी एक महिला की मौत हो गई जबकि हादसे में सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवा दिया। साथ ही शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उत्तराखंड सीमांत पदमानगर कालोनी डिबडिबा निवासी रमेश सिंह की बारात रविवार को बदायूं जिले के दातागंज गांव में गई थी। सोमवार की दोपहर बारात की वापसी हो रही थी। दूल्हे का मामा रिटायर्ड फौजी जीवन सिंह बिष्ट (50) निवासी फुटकुआं हल्द्वानी अपनी स्कार्पियो से घर लौट रहे थे। वे खुद ही गाड़ी चला रहे थे। उनके साथ बदायूं के कस्बा बिल्सी निवासी रेनू (25), भाई अतुल सिंह की पत्नी कविता सिंह, चाचा सुभाष सिंह, पांच वर्षीय प्रिया और चार वर्षीय निधि और एक अन्य व्यक्ति सवार थे।
जब कार बिलासपुर रोड स्थित उदयपुर गांव के पास पहुंची तभी उसका अगला दाहिना टायर फट गया। इसके कारण अनियंत्रित कार रोड किनारे खड़े रेत से भरे एक ट्रक में घुस गई। लोगों में चीख पुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घायलों को कार से निकालने लगे। इस दौरान जीवन सिंह बिष्ट की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल रेनू ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। सभी घायलों को लोगोें ने आनन फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं, घास छील रही ग्राम उदयपुर निवासी मंगू लाल की पत्नी नथिया और एक बालक भी कार के टुकडे़ लगने से घायल हो गए। केमरी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने ट्रक चालक को भी तलाश किया, मगर वह नहीं मिला। पुलिस ने मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। समाचार लिखे जाने तक मामले की कोई रिपोर्ट नहीं लिखी गई थी।