देर शाम दुकान बंद करके बलवंत कालोनी अपने घर लौट रहे सर्राफ को तीन हथियारबंद बदमाशों ने गोली मार दी। बदमाश सर्राफ का बैग लूट ले गए। गोली चलने की घटना से कालोनी में दहशत है। पुलिस ने मौका मुआयना किया।
बलवंत कॉलोनी निवासी प्रेमशंकर रस्तोगी की महाराणा प्रताप चौक पर श्री दुर्गा ज्वैलर्स के नाम से सर्राफ की दुकान है। शाम करीब सवा आठ बजे प्रेमशंकर के पुत्र प्रमोद और राहुल अपनी दुकान बंद करके घर लौट रहे थे। राहुल बाइक चला रहा था, जबकि प्रमोद बाइक पर पीछे हाथ में बैग लेकर बैठा था। घर से मात्र 50 मीटर पहले घात लगाए बैठे तीन बदमाशों में से एक ने पहले बाइक को धक्का देकर गिरा दिया। जैसे ही दोनों भाई गिरे तो एक बदमाश ने प्रमोद के हाथ से नगदी, जेवर भरा बैग समझकर सब्जी भरा थैला छीन लिया। बैग छीनते ही प्रमोद ने शोर मचाया तो बदमाश ने प्रमोद को गोली मार दी। गोली प्रमोद के पैर में लगी। गोली लगते ही प्रमोद जान बचाने को पड़ोसी के घर की ओर भागा और शोर मचा दिया। बाद में बदमाश पहले से हेलमेट पहने स्टार्ट खड़ी बाइक में सवार होकर भाग निकले। लोगों के अनुसार तीनों बदमाश गली से बाहर निकलकर बरेली रोड की ओर फरार हो गए। लूट की घटना की सूचना पर सीओ प्रताप सिंह पांगती, कोतवाल रविंद्र कुमार चमोली समेत तमाम पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पड़ोसियों ने घायल प्रमोद को अस्पताल पहुंचाया। जहां पर उसकी बाई टांग में गोली लगी मिली जबकि गिरने से सिर में गंभीर चोेट लगी। डॉक्टरों ने घायल प्रमोद को हायर सेंटर रेफर किया। घटना के बाद पुलिस ने चारों ओर चेकिंग अभियान चलाया है। पुलिस कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने में लगी है।