आईटीआई थाना क्षेत्र के ग्राम परमानंदपुर में दो लोगों ने एक घर में घुसकर हजारों की नकदी और सोने के जेवरात चोरी कर लिए। चोर घर के आंगन में बंधी भैंस खोलकर ले जाने लगे, लेकिन उसके बच्चे के रेंकने की आवाज सुनकर गृहस्वामी का पुत्र जाग गया। विरोध करने पर चोरों ने चाकुओं से ताबड़तोड़ प्रहार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और उसके घुटने में तमंचे की बट मार दी। चोर गांव के ही बताए गए हैं। गृहस्वामी ने घटना की तहरीर पुलिस को सौंप दी है।
परमानंदपुर निवासी मुन्ना ने बताया कि मंगलवार की शाम उसके परिजन एक विवाह समारोह में शिरकत करने बिलासपुर (रामपुर) गए हुए थे। घर में उसका पुत्र शमशाद और बेटी थी। वह क्रेशर पर ड्यूटी करने गया था। रात में उसका पुत्र बरामदे और पुत्री अंदर कमरे में सोई हुई थी। रात करीब दो बजे दो चोर उसके घर में घुस आए। उन्होंने कमरे में रखे बक्से से 46100 रुपये की नकदी, सोने की अंगूठी और सोने के कुंडल आदि चोरी कर लिए। दोनों घर के आंगन में बंधी भैंस चोरी कर ले जाने लगे।
इसी दौरान भैंस का बच्चा रेंकने लगा, जिससे उसके पुत्र शमशाद की आंख खुल गई। उसने चोरों को रोकने का प्रयास किया तो उनमें से एक ने उसके घुटने पर तमंचे की बट मार दी। जबकि दूसरे चोर ने उसके पुत्र पर चाकू से आठ बार प्रहार किए। चीख पुकार सुनकर उसकी पुत्री और गांव के तमाम लोग मौके पर आ गए। दोनों आरोपी गांव के रहने वाले हैं। ग्रामीणों ने उन्हें भागते हुए पहचान लिया। घायल शमशाद का राजकीय चिकित्सालय में उपचार कराया गया। मामले की तहरीर आईटीआई थाना पुलिस को सौंप दी गई है। खबर लिखे जाने तक मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है। दोनों आरोपी फरार बताए गए हैं।
कोट- ग्राम परमानंदपुर में चोरी की घटना के संबंध में पुलिस को तहरीर मिली है। गृहस्वामी की ओर से चोरों को पहचान लिए जाने की बात कही गई है। आरोपियों को थाने बुलाया जा रहा है। जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। - कुलदीप अधिकारी, थाना प्रभारी, आईटीआई।
चोरों ने पार किया लाखों का माल
रुद्रपुर। रम्पुरा चौकी क्षेत्र के खेड़ा में चोरों ने एक बंद घर के रोशनदान को काटकर घर में घुसे चोरों ने लाखों के जेवरात सहित हजारों की नकदी पार कर ली। गृहस्वामी की सूचना पर पहुंची पुलिस मौका मुआयना करने के बाद मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
खेड़ा वार्ड नंबर पांच में रहने वाले सफीक पेशे से टाइल्स के ठेकेदार हैं। कुछ समय पहले से सफीक का नैनीताल में कोई काम चल रहा था। बीते मंगलवार को रफीक मजदूरों के पैसों का भुगतान करने के लिए नैनीताल चले गए और शाम को देर होने के कारण नैनीताल में ही रुक गए। इधर पति के घर वापस न आने पर सफीक की पत्नी अफसाना भी अपने तीन बच्चों को लेकर पास ही स्थित अपनी ससुराल में चली गई।
सुबह बच्चों को स्कूूल भेजने के लिए अफसाना अपने घर वापस लौटी। वह अंदर पहुंची तो देखा कि बेडरूम में बने रोशनदान की जाली उखड़ी हुई थी। बेडरूम का पूरा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी के साथ ही तीन बक्सों के ताले टूटे हुए थे, जिनमें रखी 80 हजार की नकदी के साथ ही तीन तोला सोने के जेवर सहित तीस तोला चांदी के जेवर गायब थे।
अफसाना ने अपने पति को मामले की सूचना दी। पति ने घर पहुंचकर पुलिस को मामले से अवगत कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस घर का मौका मुआयना करने के बाद मामले की जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस का मानना है कि घर बंद होने के कारण चोर जीने से चढ़कर आंगन में पहुंचे और बेडरूम के रोशनदान की जाली काटकर बेडरूम में जाने के बाद वारदात को अंजाम दिया।
बच्चे के गुल्लक पर भी किया हाथ साफ
रुद्रपुर। मंगलवार रात को सफीक के घर में घुसे चोरों ने लाखों के जेवर और हजारों की नकदी चुराने के बाद सफीक के दो बच्चों के गुल्लक तोड़कर उसमें रखे रुपये भी पार कर लिए। सफीक के अनुसार गुल्लक में पांच सौ और दो हजार के नोट अधिक थे जिससे गुल्लक में करीब 10 हजार रुपये होने का अनुमान है।
-चामुंडा कांप्लेक्स में खड़ी बोलेरो कार चोरी
काशीपुर। हरियाणा के जिला फतेहगंज निवासी कृष्ण कुमार पुत्र सूरता राम यहां रामनगर रोड निवासी हरदीप सिंह के साथ ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करता है।
कृष्ण कुमार अपनी बोलेरो कार (एचआर27 सी/5170) चामुंडा कांप्लेक्स में एक बैंक की शाखा के सामने खड़ा करता था। मंगलवार रात चोरों ने उसकी बोलेरो चोरी कर ली। सूचना पर उपनिरीक्षक दिनेश बल्लभ ने घटनास्थल पर पहुंचकर आसपास के सीसीटीवी फुटेज देखे। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
- 29केएसपी 03पी-काशीपुर में ग्राम परमानंदपुर में चोरी की वारदात में घायल शमशाद।
- 29 आरडीपी 01पी रुद्रपुर खेड़ा में हुई चोरी के बारे में जानकारी देती मकान मालकिन।
- 29 आरडीपी 02पी खेड़ा के बंद घर में चोरों द्वारा तोड़ा गया रोशनदान।