फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चालक को बंधक बनाकर ट्रैक्टर-ट्राली लूट ले गए बदमाश

Fri, 29 Dec 2017 12:31 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो काशीपुर।
विज्ञापन
पीड़ित लियाकत। - फोटो : Amar ujala
विज्ञापन
ऑल्टो कार सवार चार बदमाश चालक को बंधक बनाकर उसकी ट्रैक्टर-ट्राली लूट ले गए। उन्होंने तमंचों की बटों से चालक की पिटाई लगाई और उसे एक बाग में चादर से बांध गए। पुलिस सीसीटीवी की फुटेज के आधार पर बदमाशों की धरपकड़ में जुटी है।
विज्ञापन
महुआखेड़ा निवासी लियाकत (45) पुत्र नजीर अहमद ट्रैक्टर-ट्राली चलाता है। बुधवार शाम वह गंज स्थित एक राइस मिल से चावल लादकर जसपुर स्थित मुजफ्फर हुसैन की मिल पर गया था। वहां माल उतारने के बाद ट्रैक्टर-ट्राली लेकर लौट रहा था। रात करीब ग्यारह बजे धीमरखेड़ा रोड पर चौबे के पास सफेद रंग की ऑल्टो सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर कार ट्रैक्टर के आगे लगा दी। उन्होंने ट्रैक्टर-ट्राली मालिक लियाकत पर कार को टक्कर मारने का आरोप लगाते हुए तमंचों की बटों से हमलाकर दिया। उनमें से तीन बदमाशों ने लियाकत को कार में डाल लिया। उनका एक साथी ट्रैक्टर-ट्राली लेकर चला गया। बदमाशों ने चिल्किया (रामनगर) स्थित बाग में चादर के सहारे उसे एक पेड़ से बांध दिया और गमछे से उसके दोनों हाथ बांध दिए। किसी तरह उसने चादर की गांठ खोलकर खुद को मुक्त कराया। रात करीब डेढ़ बजे वह सड़क पर पहुंचा और एक व्यक्ति से अपने हाथ खुलवाए। इसके बाद लियाकत एक वाहन से रामनगर में अपने रिश्तेदार के घर पहुंचा, लेकिन वहां ताला लगा था। उसके बाद उसने काशीपुर पहुंचकर आईटीआई थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।
विज्ञापन
तीन हजार भी लूट ले गए बदमाश काशीपुर। बदमाशों ने लियाकत की जेब से तीन हजार रुपये की नगदी भी लूट ली। उसके नोकिया मोबाइल की बैटरी भी निकालकर फेंक दी। पूरी तरह तलाशी लेने के बाद उसे पेड़ से बांध गए। ट्रैक्टर में डीजल भरवाते कैद हुआ बदमाश काशीपुर। ट्रैक्टर-ट्राली लूट की वारदात के बाद हरकत में आई पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए हैं। पुलिस टीमों ने ग्राम धीमरखेड़ा से लेकर रामनगर क्षेत्र तक के सीसीटीवी फुटेज चेक किए। फुटेज में एक बदमाश पेट्रोल पंप पर ट्रैक्टर में डीजल भरवाते देखा गया। चिल्किया (रामनगर) स्थित बाग से खुद को मुक्त कराने के बाद ट्रैक्टर स्वामी लियाकत पीरूमदारा चौकी पहुंचा। उसने वहां मौजूद पुलिस कर्मियों को आपबीती सुनाई तो पुलिस कर्मियों ने उसे काशीपुर भेज दिया। काशीपुर पुलिस ने घटनास्थल आईटीआई थाना क्षेत्र की होना बताते हुए उसे वहां भेज दिया। सूचना पर सीओ राजेश भट्ट, आईटीआई थाना प्रभारी जसवीर सिंह ने पुलिस फोर्स के साथ घटना स्थल का मौका मुआयना किया। उन्होंने रास्ते में पड़ने वाले सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। दड़ियाल रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात में शामिल बदमाश ट्रैक्टर में डीजल भरवाते सीसीटीवी में दिखाई दिया। इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने रामनगर तक सीसीटीवी फुटेज चेक कराए तो ऑल्टो कार की लोकेशन रामनगर तक होने की बात सामने आई। पुलिस ने बदमाशों की तलाश तेज कर दी है। शरण लेने पहुंचा तो जान पर बन आई पेड़ से बंधे लियाकत ने किसी तरह खुद को मुक्त कराया। उस समय रात के डेढ़ बज चुके थे। वहां से रामनगर नजदीक होने के कारण वह रात में रुकने के लिए अपने रिश्तेदार के घर पहुंच गया। अंधेरे में घर में लगा ताला वह नहीं देख पाया। उसने दरवाजा खटखटाया तो आसपास के लोग जाग गए। उसे चोर समझकर लोगों ने शोर मचा दिया। इस पर कई लोग अपने घरों से निकल आए। वह उसे पकड़ने के लिए दौड़े, लेकिन लियाकत ने दौड़ लगा दी। किसी तरह जान बचाकर वह बस से पीरूमदारा पहुंचा। उसके बाद काशीपुर आया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें