पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने जिले भर में कच्ची शराब के खिलाफ ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान दर्जनों भट्टियां तोड़कर सैकड़ों लीटर कच्ची शराब बरामद की। अभियान से कच्ची शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया।
मंगलवार को एसएसपी नीलेश आनंद भरणे और जिला आबकारी अधिकारी तपन पांडे के नेतृत्व में कच्ची शराब के खिलाफ छापामारी अभियान चलाया गया। रुद्रपुर के बिंदुखेड़ा, कालीनगर, बगवाड़ा, रंपुरा, सिरौली कला में टीम ने एक लाख किग्रा लाहन नष्ट कर 12 शराब बनाने के ड्रम और पांच सौ लीटर कच्ची शराब और एक स्कूटर बरामद किया। टीम में सीओ राजीव मोहन, कोतवाल जेसी पाठक, एसआई मनीष खत्री, आबकारी निरीक्षक महेंद्र बिष्ट, उप आबकारी निरीक्षरक पूरन चंद्र जोशी आदि मौजूद थे। जबकि बाजपुर में आबकारी निरीक्षक वीरेंद्र जोशी के नेतृत्व में गठित टीम ने हुल्सन गंज, मढइया हट्टू से 141 लीटर कच्ची शराब पकड़ी। एक हजार लीटर लाहन नष्ट किया गया। काशीपुर में आबकारी निरीक्षण विष्णु थापा के नेतृत्व में टीम ने खाइखेड़ा, बरखेड़ीर, रंपुरा, कुंडेश्वरी में दबिश देकर आठ हजार लीटर लाहन नष्ट किया गया। टीम ने पांच सौ लीटर कच्ची शराब और शराब बनाने के उपकरण भी पकड़े। जबकि खटीमा में आबकारी निरीक्षक सोनू सिंह के नेतृत्व में आलावर्दी, चारुबेटा, नौगवा ठग्गू, नौसर चांदा जंगल और छिनकी में अभियान चलाया। टीम में 30 हजार लीटर लाहन नष्ट किया। साथ ही 150 लीटर कच्ची शराब बरामद की। जबकि दिनेशपुर में 35 लीटर कच्ची शराब के साथ ही एक होटल से सतपाल को हरियाणा मार्का करीब 72 अंग्रेजी शराब की बोतलों के साथ गिरफ्तार किया गया।