जमीन के सौदे की डील कर लौट रहे प्रापर्टी डीलर को अज्ञात कार सवारों ने गोली मारकर घायल कर दिया, घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाने के बाद हल्द्वानी एसटीएच रैफर कर दिया है, जांच में जुटी पुलिस घटना को प्रथम दृष्टया आपसी रंजिश का मामला मान रही है।
ग्राम मंगतपुर थाना खजुरिया जिला रामपुर निवासी दिलबाग सिंह पुत्र विचित्र सिंह अपने चाचा अवतार सिंह के साथ सोमवार देर शाम खेड़ा में एक जमीन की डील करने गया था, डील करने के बाद जब वह अपनी स्कॉर्पियो कार से वापस लौट रहा था तो छतरपुर रेलवे क्रासिंग के पास अज्ञात कार सवारों ने उस पर फायर झोंक दिया। इससे वह लहूलुहान हो गया, अस्पताल पहुंचे दिलबाग सिंह के परिजनों के अनुसार छतरपुर रेलवे क्रासिंग से कुछ दूर पहले एक सेंट्रो कार ने दिलबाग की स्कॉर्पियो को सामने से क्रास किया, इसी दौरान रेलवे फाटक पर जाम लगने के दौरान अवतार सिंह ने लघु शंका के लिए दिलबाग से गाड़ी रुकवाई और सड़क किनारे चले गए इस बीच दिलबाग भी गाड़ी से उतरकर सामने खड़ा हो गया, तभी सामने से गयी सेट्रों कार वापस उनकी ओर मुड़ी और उसमें सवार लोगों ने गाड़ी के पिछले शीशे पर गोलियां चलानी शुरू कर दी, इसी बीच दिलबाग गाड़ी में रखी अपनी बंदूक उठाने गया तो एक गोली उसकी पीठ में भी लग गई, अवतार सिंह ने दिलबाग को गाड़ी के भीतर धकेल कर अपनी पिस्टल से जवाबी फायरिंग शुरू की तो हमलावर मौके से फरार हो गए, सरेराह गोली चलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया पीछे से आ रहे क्षेत्रवासी बलजीत सिंह अपनी कार में बैठकार दिलबाग को जिला अस्पताल लाए, जहां डाक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे रैफर कर दिया।
मौके पर पहुंचे एएसपी पंकज भट्ट का कहना है कि मामला प्रथम दृष्टया आपसी रंजिश का लग रहा है, फिलहाल मामले की कोई तहरीर पुलिस को नहीं मिली है, मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच पड़ताल के बाद दोषियों के खिलाफ कडी़ कार्यवाही की जाएगी।