कैराना। कानूनन बेटियों को समानाधिकार देने के बावजूद भी कुछ लोगों की सोच नहीं बदल रही है। कैराना में एक दंपति ने बच्चा नहीं होने पर छह माह की लड़की को गोद ले लिया और उसको संपत्ति का वारिस बना दिया। जिस पर गुस्साए परिजनों ने दंपति को पीट दिया और शहर छोड़कर चले जाने का फरमान सुना दिया।
मोहल्ला खैलकला ईदगाह निवासी दिलशाद ने ताईबा को गोद लिया था। अब वह बच्ची को कानूनन अपना वारिस घोषित करना चाहता है। इस बात का पता जब परिजनों को लगा तो उन्होंने इसका विरोध कर दिया।
सोमवार को दिलशाद ने कोतवाली में तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि रविवार की रात 11 बजे उसके दो भाई और दो अज्ञात युवक हथियारों से लैस होकर उसके घर में घुस आए।
आरोपियों ने उसे धमकी दी कि तू हमारी संपत्ति को गोद ली हुई बच्ची के नाम करना चाहता है, या तो बच्ची के साथ कस्बा छोड़ कर चला जा नहीं तो बच्ची को जान से मार देंगे। उसके विरोध करने पर आरोपियों ने उसके और बच्ची के साथ मारपीट की। मोहल्ले वालों के आ जाने पर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।