फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अपराध रोकने में नाकाम कोतवाल लाइनहाजिर

Wed, 20 Dec 2017 12:29 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो, रुद्रपुर/ सितारगंज
विज्ञापन
police - फोटो : demo
विज्ञापन
पुलिस अफसरों के तमाम दावों के बावजूद जिले में अपराधों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। इसमें कहीं न कहीं पुलिसकर्मियों की लापरवाही और मिलीभगत उजागर हो रही है। इसे गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने पुलिस पर नकेल कसनी शुरू कर दी है। उन्होंने अपराध रोकने में नाकाम सितारगंज के कोतवाल को लाइन हाजिर कर दिया। रुद्रपुर में छापे में मिली बंदूक अभिलेखों में दर्ज न कराने और मामले को छुपाने पर रंपुरा चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया। वाहनों से अवैध वसूली करने पर काशीपुर की पैगा चौकी के सिपाही को निलंबित और चौकी प्रभारी का रुद्रपुर तबादला कर दिया।
विज्ञापन


सितारगंज में बढ़ते अपराधों पर नप गए शहर कप्तान
अपराध रोकने में नाकामी कोतवाल को महंगी पड़ गई। पुलिस कप्तान ने कोतवाल को उनकी विफलताओं और लापरवाही पर लाइनहाजिर कर दिया। जिसके बाद कोतवाल रुद्रपुर पुलिस लाइन के लिएरवाना हो गए। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक बीएस भाकुनी ने सितंबर 2016 में चार्ज संभाला था, जिसके बाद से क्षेत्र में आए दिन आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं। बीती 20 मई को बरुआबाग गांव के पास वार्ड संख्या एक चिंतीमजरा निवासी रवीश गर्ग का अपहरण हो गया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. सदानंद दाते ने एसओजी और अन्य थानों की पुलिस टीमें लगाकर सप्ताह भर के भीतर मामले का खुलासा कर छह बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया था और व्यापारी रवीश गर्ग को सकुशल बरामद कर लिया था, जबकि लखीमपुर खीरी निवासी बदमाश समर सिंह फरार चल रहा था, जिसकी धरपकड़ के लिए कोतवाल को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। 
विज्ञापन


इसके अलावा 31 जुलाई को मखवाराफार्म तिराहा पर अज्ञात युवक की लाश पड़ी मिली थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके सिर में गहरी चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई। इस पर कप्तान ने कोतवाल को हत्या का मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। एसएसपी के आदेश के एक माह बाद पुन: आदेश देने पर हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ। इसी तरह कई अन्य मामलों में भी कोतवाल की लापरवाही उजागर हुई। इस पर सोमवार की देर रात एसएसपी डा. दाते ने कोतवाल को तत्काल प्रभाव से लाइनहाजिर कर दिया। एसएसपी ने बताया कोतवाल भाकुनी अपराध की रोकथाम में लापरवाह बने थे, जिस कारण उन्हें लाइन हाजिर किया गया।


छापे में मिली बंदूक छुपाने पर चौकी प्रभारी निलंबित
रुद्रपुर के रंपुरा स्थित एक घर में दबिश के दौरान मिली पोनिया बंदूक को अभिलेखों में दर्ज ना करने और मामले को दबाने के मामले में एसएसपी डा. सदानंद दाते ने रंपुरा चौकी प्रभारी नवीन जुराल को निलंबित कर दिया। मामला समाधान पोर्टल और पुलिस प्राधिकरण में जाने के बाद एसएसपी के संज्ञान में आया है।

बीते 28 अक्तूबर को रंपुरा चौकी पुलिस ने रंपुरा के एक घर में सट्टा चलाये जाने की सूचना पर दबिश दी थी। दबिश के दौरान पुलिस को सट्टा तो नहीं मिला मगर वहां से एक पोनिया बंदूक बरामद हुई थी। दबिश की सूचना पर अवैध असलहे रखने वाला युवक घर से फरार हो गया। बंदूक की बरामदगी के बाद भी चौकी प्रभारी नवीन जुराल ने असलहे को अभिलेखों में दर्ज नहीं किया था। उन्होंने उच्चाधिकारियों को भी बंदूक बरामदगी की सूचना नहीं दीथी। कुछ दिन बाद असलहा रखने वाले युवक के परिजनों ने चौकी पुलिस पर उनके घर में बिना किसी नोटिस और सर्च वारंट के दबिश देने की शिकायत समाधान पोर्टल और पुलिस प्राधिकरण में की थी।

इस पर एसएसपी डा. सदानंद दाते ने चौकी प्रभारी को तलब कर मामले की जांच सीओ सिटी स्वतंत्र कुमार को सौंपी थी। सीओ की जांच में पुलिस द्वारा पोनिया बरामद होने की पुष्टि हुई थी। इस पर एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से चौकी प्रभारी नवीन जुराल को निलंबित कर दिया। बताया जा रहा है कि दबिश के दौरान तमंचा और नगदी भी मिली थी। एसएसपी डॉ. दाते ने बताया कि बंदूक बरामदगी को छिपाने पर चौकी प्रभारी को सस्पेंड किया गया है।

 वाहनों से अवैध वसूली में पैगा चौकी का सिपाही निलंबित, दरोगा का रुद्रपुर तबादला
काशीपुर में वाहनों से अवैध वसूली करने के आरोप में एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने आईटीआई थाने की पैगा चौकी पर तैनात कांस्टेबल जगत सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, जबकि पैगा चौकी प्रभारी ओमप्रकाश का रुद्रपुर तबादला कर दिया।

एसएसपी डॉ. दाते ने बताया कुछ समय से पैगा चौकी क्षेत्र में कांस्टेबलों द्वारा वाहनों से अवैध वसूली किए जाने की शिकायत मिल रही थी। इसमें पैगा चौकी पर खाना बनाने वाले एक व्यक्ति की भूमिका भी संदिग्ध बताई जा रही थी। इस शिकायत पर गोपनीय जांच कराई गई तो पैगा चौकी के कांस्टेबल जगत सिंह ओवरलोड वाहन से वसूली करते पाया गया। उस दिन चौकी प्रभारी अवकाश पर थे। इससे पूर्व वाहनों से अवैध वसूली को लेकर एक व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल किया था।

यह वीडियो क्लिप चर्चा में रही। जांच में आरोप की पुष्टि होने पर कांस्टेबल जगत सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि पैगा चौकी प्रभारी ओमप्रकाश को प्रशासनिक आधार पर रुद्रपुर कोतवाली स्थानांतरित किया गया है। विदित हो कि इससे पूर्व एसएसपी डॉ. दाते 29 अक्तूबर को टांडा उज्जैन चौकी पर तैनात उपनिरीक्षक अनिल चौहान व राजेंद्र पंत को भी वाहनों से अवैध वसूली करने के आरोप में निलंबित कर चुके हैं। एसएसपी द्वारा अवैध वसूली के खिलाफ सख्त रूख अपनाए जाने से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें