रामलीला कमेटी के चुनाव को गोलीबारी के मामले में पुलिस ने एक किसान नेता को उसके घर से धर दबोचा और पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि जेल भेजे गए किसान नेता गोलीबारी के मामले में संलिप्त हैं।
मंगलवार की सुबह पुलिस टीम ने अखिल भारतीय किसान यूनियन के जिला उपाध्यक्ष मंजीतफार्म निवासी जसवंत सिंह जस्सा के घर दबिश दी और उन्हें हिरासत में ले लिया। कस्बा इंचार्ज दिनेश नाथ ने बतया कि बीती 20 जुलाई को रामलीला भवन में कमेटी के चुनाव को लेकर गोलीबारी के मामले की जांच में जस्सा की संलिप्तता सामने आई है।
जिस पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि हिरासत में लिए किसान नेता जस्सा को विवेचक झनकईया थाने के एसओ दिनेश फर्त्याल के हवाले कर दिया गया।
एसओ फर्त्याल ने पूछताछ के बाद धारा 147, 148, 149, 307, 504, 506, 323 एवं 7 क्रिमिनल एक्ट समेत विभिन्न संगीन धाराओं के तहत हुए उन्हें खटीमा न्यायालय में पेश किया। जहां से जस्सा को जेल भेज दिया गया।
कस्बा इंचार्ज ने कहा कि रामलीला कमेटी चुनाव को लेकर गोलीबारी के मामले में नामजद आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास जारी हैं।
जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस टीम में किच्छा के इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार चमोली, नानकमत्ता एसओ एमएम जोशी, कस्बा इंचार्ज दिनेश नाथ, सिडकुल चौकी इंचार्ज योगेश दत्त, एसआई देवेंद्र गौरव आदि थे।