गंगापुर रोड स्थित सर्वेश्वरी एन्क्लेव में डकैती और महिला की हत्या के खुलासे में जुटी पुलिस छैमार, बावरिया गिरोह के साथ ही अब कच्छा बनियान गिरोह की भूमिका की भी जांच कर रही है। डेढ़ दशक पहले गिरोह ने तराई के साथ यूपी के कई क्षेत्रों में लूटपाट और डकैती की घटनाओं को अंजाम दिया था। मामले में पुराने अपराधियों के फोन नंबर खंगालने के साथ ही रोजाना कई संदिग्धों से भी पूछताछ भी की जा रही है।
डकैतों ने 22 जून की देर रात सर्वेश्वरी एन्क्लेव निवासी पंकज श्रीवास्तव के घर पर धावा बोलकर उनकी पत्नी अपर्णा की हत्या कर डकैती डाली थी। वारदात में घायल पंकज और उनकी डेढ़ वर्ष की बेटी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तबियत में सुधार के बाद बच्ची को डिस्चार्ज कर उसे उसके नाना के घर भेज दिया गया है।
इधर, पुलिस ने छैमार और बावरिया गिरोह की कुंडली खंगालने के बाद अब कच्छा बनियान गिरोह पर भी अपना ध्यान केंद्रित कर लिया है। वर्ष 2000 में कच्छा बनियान गिरोह ने यूपी के साथ तराई को अपना निशाना बनाकर लूटपाट और डकैती की घटनाओं को अंजाम दिया था। पुलिस की मानें तो लूटपाट और डकैती की घटनाओं से ही यह घुमंतू जनजातियां अपना गुजारा करती हैं। डकैतों तक पहुंचने के लिए एसओजी भी अब तक करीब ढाई हजार फोन नंबरों की छानबीन कर चुकी है, लेकिन गिरोह द्वारा फोन का इस्तेमाल नहीं करने से एसओजी भी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। रोजाना दर्जनों संदिग्धों से भी पुलिस पूछताछ की जा रही है। शनिवार को भी कोतवाली में कई संदिग्धों से पूछताछ की गई।
डकैतों के फुट प्रिंट मिलान में जुटी पुलिस
रुद्रपुर। डकैती को अंजाम देने आए बदमाशों में से एक के फुट प्रिंट पुलिस को पंकज की घर की खिड़की के पास मिले थे, जिसकी पहचान के लिए पुलिस पुराने अपराधियों के साथ ही संदिग्धों के पैैरों से उनका मिलान कर रही है। किसी तरह की समानता मिलने पर पुलिस फुट प्रिंट को मिलान की पुष्टि के लिए लैब में भी भेजेगी।
चार संदिग्धों की पहचान को सीसीटीवी फुटेज होगी डेवलप
सर्वेश्वरी एन्क्लेव में हुई डकैती के मामले में पुलिस को घटना वाली रात गंगापुर रोड पर लगे एक सीसीटीवी कैमरे में चार संदिग्ध युवकों दिखे हैं। लेकिन, कैमरा उच्च क्वालिटी का नहीं होने के कारण उनके चेहरे पहचान में नहीं आ रहे हैं। पहचान के लिए पुलिस फुटेज को डेवलप करने के लिए दिल्ली लैब में भेजने की तैयारी कर रही है।
कॉलोनाइजरों के खिलाफ हो सकती है कार्रवाई
सर्वेश्वरी एन्क्लेव में हुई घटना के बाद पुलिस अब कॉलोनाइजरों पर भी नकेल कसने की तैयारी कर रही है। पुलिस का मानना है कि कॉलोनाइजरों की ओर से सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए जाने से अपराधी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। कॉलोनाइजरों पर नकेल कसने के लिए पुलिस प्रशासन जिला प्रशासन के साथ मिलकर कार्रवाई करने की योजना बना रहा है। माना जा रहा है कि सुरक्षा में लापरवाही बरतने वाले कई कॉलोनाइजरों के खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है।
नैनीताल में एसओटीएफ, रुद्रपुर में एसटीएफ जुटी खुलासे में
हल्द्वानी और रुद्रपुर में हुई एक जैसी डकैती के खुलासे के लिए जहां नैनीताल जिले में एसओटीएफ पुलिस के साथ काम कर रही है। वहीं, रुद्रपुर में भी एसटीएफ ने डकैतों तक पहुंचने के लिए कमर कस रखी है। उम्मीद है कि जल्द ही पुलिस किसी नतीजे पर पहुंच सकती है।