कोतवाल का घिराव करते रूद्रपुर विधायक राजकुमार ठुकराल।
- फोटो : amar ujala
रविवार की देर शाम नगर में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के लिए अभद्र भाषा के प्रयोग का वीडियो वायरल होने से सनसनी फैल गई। रुद्रपुर विधायक राजकुमार ठुकराल ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलवामा में आतंकवादियों की कायराना हरकत से 40 सैनिकों की शहादत पर देश भर में लोग श्रद्धांजलि दे रहे हैं। वहीं रविवार की देर शाम नगर में एक 31 सेकंड का एक वीडियो वायरल हो गया। वीडियो में हंस रहा एक युवक लोगों के पूछने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग पाकिस्तान जिंदाबाद और हिंदुस्तान मुर्दाबाद कह रहा है।
इस दौरान वीडियो में खड़ा एक व्यक्ति युवक से पूछता है कि तुम कहां रहते हो तो युवक कहता है कि वह पुरानी मंडी में रहता है। इधर, वीडियो वायरल होने की खबर पर भाजपाई भड़क गए और सूचना पर रुद्रपुर विधायक राजकुमार ठुकराल समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंचे। उन्होंने कोतवाल उमेश मलिक का घेराव करते हुए हंगामा किया।
ठुकराल ने कोतवाली में दी तहरीर में आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हंगामा करने वालों में पार्टी के वरिष्ठ नेता अजय तिवारी, भाजपा नगर अध्यक्ष लवी सहगल, दिनेश भाटिया, विनोद सिंह, शोभित शर्मा, अनिल अग्रवाल, विवेक राय, श्रीकांत राठौर आदि रहे।