पुलिस चेकिंग को देख नैनीताल निवासी युवती को युवकों ने चलती कार से धक्का दे दिया। पुलिस ने कार सवारों का पीछा भी किया, लेकिन वे हत्थे नहीं चढ़े। बाद में पुलिस युवती को कोतवाली ले आई। जहां उसके परिजनों से संपर्क कर उसे उनके सुपुर्द करने की तैयारी की जा रही है। कार सवार युवक कौन थे, पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।
कोतवाल जेसी पाठक ने बताया कि शनिवार रात करीब 12 बजे पुलिस गश्त पर थी। डीडी चौक पर आदर्श कालोनी चौकी इंचार्ज जयपाल सिंह चौहान और बाजार चौकी इंचार्ज वीरेंद्र रमोला पुलिस कर्मियों के साथ आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग करने लगे।
जैसे ही एक बगैर नंबर की आई-20 कार को पुलिस कर्मियों ने रुकने का इशारा किया तो चालक उसे तेजी से भगा ले गया। यह देख पुलिस कर्मियों को कुछ शक हुआ और कार का पीछा करने लगे।
बताया जा रहा है कि इस दौरान कार सवारों ने अंगददेव कांपलेक्स के पास चलती हुई कार से एक युवती को धक्का दे दिया और खुद आवास विकास की ओर भाग निकले। इस पर पुलिस की एक टीम कार सवारों के पीछे गई और दूसरी टीम युवती को कोतवाली ले आई।
जहां पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि वह नैनीताल की निवासी है। वह काम की तलाश में रुद्रपुर आई थी। कार सवार उसके मित्र थे। कोतवाल ने बताया कि कार सवार युवकों की तलाश की जा रही है। युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा। इसके लिए युवती के परिजनों से संपर्क किया जा चुका है।