मुस्लिमों व उनके पैगंबर के खिलाफ व्हाट्स एप पर टिप्पणी से समाज के लोग आक्रोशित हो उठे। उन्होंने व्हाट्स एप यूजर के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली का घिराव किया और प्रभारी निरीक्षक को तहरीर दी। कोतवाल ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन देकर नगरवासियों को शांत कराया।
बुधवार को सोशल मीडिया पर ‘नई सोच नए विचार’ के नाम से संचालित व्हाट्स एप ग्रुप में एक यूजर द्वारा मुस्लिमों और उनके पैगंबर के खिलाफ टिप्पणी की गई। इससे आक्रोशित मुस्लिम समुदाय के लोगों ने कोतवाली का घेराव कर प्रभारी निरीक्षक बीएस भाकुनी को तहरीर दी। कहा कि व्हाट्स एप यूजर ने उनकी आस्था ठेस पहुंचाई है। इससे पहले भी 17 नवंबर को भी एक ग्रुप पर अराजक तत्व ने मुस्लिम विरोधी टिप्पणी की थी। जिसमें मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
कहा कि अगर, अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र की फिजा बिगड़ सकती है। उन्होंने यूजर के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक भाकुनी द्वारा कार्रवाई का भरोसा देने पर लोग शांत हुए। इधर, भाईचारा कमेटी के अध्यक्ष कमल जिंदल ने इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है। वहां इकशाद अहमद पटौदी, सलीम रिजवी, भइये अंसारी, फरियाद, परवेज पटौदी, फैशल अंसारी, रासिद हुसैन, गुरदीप सिंह चौहान, लईक अहमद, जावेद सिद्दीकी आदि थे।