दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की आमने-सामने भिड़ंत में मां-बेटे की मौत हो गई। वे शादी समारोह से लौटकर आ रहे थे। हादसे में सात लोग घायल हो गए। घटना के बाद भाग रहे ट्रैक्टर चालक की ग्रामीणों ने जमकर पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया।
सीमावर्ती गांव भायपुर ठाकुरद्वारा निवासी अब्दुल करीम गांव संयासीवाला से सटे गांव राघूवाला निवासी तसलीम की बेटी शमा की शादी में भात देने के लिए ट्रैक्टर ट्राली से गए थे। बारात वापसी के बाद सभी लोग ट्रैक्टर ट्रॉली से गांव लौट रहे थे। बुधवार रात करीब दस बजे ठाकुरद्वारा-शरीफनगर मार्ग पर सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर चालक ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में नसरीन जहां (45) पत्नी रियाज अहमद एवं उसके दस साल के पुत्र फैसल की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर छोड़कर भाग रहे चालक मंगल सिंह निवासी बाबरखेड़ा (जसपुर थाना कुंडा) को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। उसकी पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया।
वहीं हादसे में घायल भायपुर निवासी शहरूखा पुत्री मोहम्मद, मुनीजा पत्नी लतीफ, सरताज पुत्र मोहम्मद उमर, खुश जहां पत्नी मोहम्मद उमर, साहिल पुत्र मोहम्मद उमर, विलकीस पत्नी नासिर, तसलीम पुत्र मुंशी को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, मां-बेटे की मौत की खबर से रियाज के घर में कोहराम मच गया। उसकी बेटी गुलिस्तां, शहनाज, रुखसार, अरमान, मुस्कान का रो-रोकर बुरा हाल है। मां-बेटे की एक साथ मौत होने पर गांव में गमगीन माहौल है।