मुरादाबाद पुलिस ने चेन स्नैचिंग के आरोपी की निशानदेही पर ज्वैलर्स की दुकान पर छापा मारकर दुकानदार के शक में उसके कर्मचारी को पकड़कर कोतवाली ले गई। सूचना मिलते ही व्यापारी कोतवाली जा धमके और उन्होंने मुरादाबाद पुलिस का घेराव कर कार्रवाई का कड़ा विरोध जताते हुए जमकर हंगामा काटा।
उन्होंने कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन भी किया। इस दौरान उनकी पुलिस से तीखी नोंकझोंक भी हुई। मामले ने तूल पकड़ा तो मुरादाबाद पुलिस पकड़े गए युवक को छोड़कर बैरंग लौट गई।
मंगलवार सुबह ही पाकवाड़ा मुरादाबाद में तैनात दरोगा मनोज कुमार की अगुवाई में टीम चेन स्नैचिंग के आरोपी को लेकर कोतवाली पहुंची। नकाब से चेहरा ढके आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक ज्वैलर्स की दुकान में बैठे युवक को कोतवाली ले गई।
घटना की भनक लगते ही बड़ी संख्या में व्यापारी कोतवाली पहुुंच गए। उन्होंने मुरादाबाद पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि दुकानदार लेनदेन का काम करता है, लेकिन घटना के समय वह नहीं था। एसआई मनोज ने बताया कि लूट के आरोप में युवक को पकड़ा गया था।
उसने लूटे जेवर इसी दुकानदार के पास बेचने की बात कबूली थी। शिनाख्त के लिए आरोपी को साथ लाया गया था। मामला बड़ा तो स्थिति काशीपुर पुलिस के नियंत्रण से भी बाहर हो गई। प्रभारी कोतवाल लाखन सिंह ने एसआई मनोज से बात की। मुरादाबाद पुलिस पकड़े गए कर्मचारी को छोड़कर बैरंग लौट गई।
तो बिना कागजी कार्रवाई के दी दबिश
विश्वस्त सूत्रों ने बताया कि मुरादाबाद पुलिस जिस आरोपी को लूटे गए जेवर खरीदने वाले व्यापारी की शिनाख्त के लिए लाई थी, उसके खिलाफ मुकदमा तक दर्ज नहीं किया गया था। बिना कागजी कार्रवाई के आरोपी के साथ ज्वैलर्स की दुकान में दबिश देने से मुरादाबाद पुलिस की किरकिरी हुई।