फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

काशीपुर में राजमिस्त्री की हत्या, झाड़ियों में मिला शव 

Wed, 03 Jul 2019 01:05 AM IST
अरुण कुमार अमर उजाला ब्यूरो 
विज्ञापन
शहनवाज उर्फ मूना का फाइल फोटो। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

यहां एक राजमिस्त्री की हत्या कर दी गई। उसका शव गंगेबाबा रोड पर एक खाली पड़े भूखंड में झाड़ियों में पड़ा मिला। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। बता दें कि गत 15 जून को मृतक की छह माह की बेटी की भी हत्या कर दी गई थी। 

विज्ञापन


मोहल्ला किला नई बस्ती निवासी एवं पेशे से राजमिस्त्री शहनवाज उर्फ मूना (32) पुत्र कल्बे अली का शव मंगलवार को गंगेबाबा रोड पर काटी गई कॉलोनी के भूखंड पर झाड़ियों में मिला। सूचना पर एएसपी डॉ. जगदीश चंद्र, सीओ मनोज कुमार ठाकुर, कोतवाल संजय कुमार व एसएसआई विनोद जोशी टीम के साथ पहुंचे। मृतक के गले में गुलाबी रंग की चुनरी बंधी हुई थी और शरीर पर चोट के निशान थे। सिर पर बने गहरे जख्म से प्रतीत हो रहा था कि किसी भारी वस्तु से हमला किया गया होगा। मृतक के मुंह और कान से खून निकल रहा था। पुलिस ने मौके से खून सनी मिट्टी के नमूने भी लिए हैं। 

जांच में पता चला है कि शहनवाज की पत्नी तमन्ना कुछ समय से मानसिक रूप से बीमार थी। बदायूं की एक मजार पर उसका रुहानी इलाज चल रहा था। दो दिन पूर्व ही तमन्ना बदायूं से घर लौटी है। शहनवाज सोमवार शाम करीब छह बजे तक कॉलोनी में ही था। कुछ लोगों ने बताया कि रात करीब 11 बजे उसे पत्नी तमन्ना के साथ गंगेबाबा रोड की ओर जाते देखा गया था। मंगलवार सुबह उसका शव बरामद हुआ। वारदात की सुरागकशी के लिए पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज चेक किए। कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया गया है। 
विज्ञापन


15 जून को हुई थी मासूम बेटी की हत्या 
काशीपुर। मृतक शहनवाज की छह माह की अबोध बच्ची की बीती 15 जून को गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। पत्नी के मानसिक रूप से बीमार होने के चलते शहनवाज ने अपने तीनों बच्चे अपने भाई, बहन और सलहज को पालन पोषण के लिए दिए थे। उसकी छह माह की बच्ची मरियम को फैजान (साला) अपने घर ले गया था। हालांकि, उसकी पत्नी रुखसार इस बच्ची की जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं थी। 15 जून को रुखसार ने गला दबाकर बच्ची की हत्या कर दी थी। इस मामले में रुखसार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया था। वह अभी जेल में है। 
 
नशेड़ियों से विवाद और पारिवारिक रंजिश पर टिकी जांच 
काशीपुर। शहनवाज उर्फ मूना की हत्या को लेकर पुलिस दो बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार हत्या का कारण नशेड़ियों के बीच आपसी विवाद हो सकता है या पारिवारिक रंजिश। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर शहनवाज उर्फ मूना का शव मिला है। उस स्थान पर शाम होते ही नशेड़ियों का जमावड़ा लग जाता है। इस प्लॉट के सामने शराब की दुकान है। लोग वहां से शराब पीते हैं। शराबियों के अलावा वहां चरस, स्मैक और गांजे के शौकीन भी अड्डा जमाए रहते हैं। अकसर नशेड़ियों के बीच वहां मारपीट होती रहती है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है। इसके अलावा मृतक के परिजन उसकी हत्या को लेकर ससुराल पक्ष के लोगों पर भी उंगली उठा रहे हैं। पुलिस ने मृतक के कुछ रिश्तेदारों को पूछताछ के लिए कोतवाली में बैठाया है। 
 
मृतक की पत्नी ने की महिला आरक्षी से हाथापाई 
काशीपुर। शहनवाज का शव बरामद करने के लिए पुलिस मृतक के घर पहुंची तो वहां मौजूद उसकी पत्नी तमन्ना ने अचानक एक महिला पुलिस कर्मी पर हमला बोल दिया। इससे पुलिस टीम हक्की-बक्की रह गई। पुलिस ने महिला आरक्षी किसी तरह उसके चंगुल से छुड़ाया। उसके बाद पुलिस उसे अपने साथ कोतवाली ले आई। पुलिस ने उसके भाई से भी पूछताछ की। 

शहनवाज की हत्या मृत्यु पूर्व चोटों के कारण हुई है। मामले में पुलिस को फिलहाल तहरीर नहीं मिली है। हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। वारदात के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है। कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। - डॉ. जगदीश चंद्र, अपर पुलिस अधीक्षक, काशीपुर। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें