क्षेत्र के दियूरी गांगी गांव में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके पक्ष ने पिथौरागढ़ के कनालीछीना धामी गांव से पहुंचकर पुलिस को सौंपी तहरीर में ससुराली पक्ष पर दहेज के लिए उत्पीड़न का आरोप लगाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों का कहना है वह गर्भवती थी। इधर, देर शाम युवती के पिता की तहरीर पर मृतका के पति पंकज सिंह, ससुर ध्यान सिंह और सास हंसा देवी के खिलाफ धारा 498 अ, 304 ब और दहेज अधिनियम 3/4 के तहत नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि दियूरी टंकी के पास निवासी पंकज चुफाल की पत्नी ममता (21) की मौत हो गई। एसएसआई देवेंद्र गौरव और एसआई राजेंद्र पंत मौके पर पहुंचे। तहसीलदार योगेश कुमार वर्मा ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही ममता के मायके पिथौरागढ़ के धामी गांव से पिता सुरेंद्र सिंह धामी और अन्य रिश्तेदार अस्पताल पहुंचे। बाद में कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपी। तहरीर में कहा कि ममता का विवाह 20 अप्रैल 2018 को ग्राम देवरी निवासी पंकज चुफाल पुत्र ध्यान सिंह के साथ हुआ था। आरोप लगाया कि विवाह के कुछ महीनों बाद बेटी की सास, ससुर और पति दहेज में कम सामान लाने के ताने सुनाते और मारपीट करते थे। कहा कि 29 अप्रैल की शाम उनकी बेटी से मारपीट कर जहर देकर मारा गया है। वह गर्भवती भी थी।
इधर, ममता के ससुर ध्यान सिंह ने पोस्टमार्टम हाउस के बाहर बताया कि सोमवार की शाम ममता ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ी तो उसे पीलीभीत उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले गए थे। जहां मंगलवार सुबह पौने चार बजे उसकी मौत हो गई। ध्यान सिंह ने बताया कि वह असम राइफल्स में हैं। सोमवार रात ही वह अवकाश पर घर आए हैं। बताया कि ममता का पति पंकज नोएडा में काम करता है। एसएसआई गौरव ने बताया कि तहरीर मिल गई है। दहेज हत्या का आरोप लगाया गया है। रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
बुआ के घर झनकईया आकर कराई थी ममता की शादी
खटीमा। पिथौरागढ़ के कनालीछीना धामी गांव से पहुंचे युवती के पिता सुरेंद्र सिंह ने बताया कि उनका बेटा दीपक गुजरात में सर्विस करता है। जो कुछ दिन से झनकइया स्थित अपनी बुआ के घर पर रह रहा है। उसने फोन पर सोमवार की देर शाम सूचना दी तो वह लोग रात को ही यहां निकल आए। बताया कि उन्होंने ममता की शादी पिथौरागढ़ से झनकइया आकर कराई था।