चकरपुर बिल्हरी ग्राम पंचायत की वन रावत बस्ती की विवाहिता ने अपने दो बच्चों के साथ शारदा नहर में छलांग लगा दी। नहर पार से लोगों ने डूबते देखा तो शोर मचाया। ग्रामीणों ने नहर में तलाश कर ढाई वर्षीय बच्ची का शव बरामद कर लिया, जबकि मां-बेटे का पता नहीं चला है। ग्रामीणों के साथ ही पुलिस की गोताखोर टीम तलाश में जुटी हुई है। पुलिस घटना का कारण गृह कलह मान रही है। मौके पर पहुंचे सीओ ने परिजनों से पूछताछ की।
वन रावत बस्ती निवासी माया देवी (28) पत्नी रमेश चंद अपने बेटे प्रियांशु (6) और प्रियांशी (ढाई) को साथ लेकर शारदा नहर में छलांग लगा दी। नहर के पार से लोगों ने जब उन्हें डूबते देखा तो शोर मचा दिया। इसके बाद परिजनों और गांव के लोगों ने ढूंढखोज शुरू की। इसके करीब आधे घंटे बाद पुत्री प्रियांशी का शव बरामद हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही चकरपुर चौकी प्रभारी कैलाश जोशी, एसएसआई एचबी सेन, एसआई विजय लक्ष्मी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना के संबंध में पूछताछ की। उन्होंने मां-बेटे की तलाश के लिए नानकमत्ता से गोताखोर बुलाए गए। ग्रामीण और पुलिस के गोताखोर देर शाम तक तलाश करते रहे लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। घटना की जानकारी मिलते ही सीओ डा. उत्तम सिंह नेगी ने मौके पर पहुंचकर विवाहिता के पति रमेश चंद, ससुर मानी चंद, सास देवकी देवी और मां गड्ढा चौकी नेेपाल निवासी भूरी देवी से पूछताछ की।