पुलिस से उलझ रहे युवक को रम्पुरा चौकी लाने से बखेड़ा हो गया। युवक को नहीं छोड़ने से गुस्साए लोगों ने पुलिस चौकी पर पथराव कर दिया। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया। पथराव में किसी पुलिसकर्मी को चोटें नहीं पहुंची। मामले में पुलिस ने 17 नामजद सहित 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार का जेल भेज दिया है।
सोमवार देर रात साढ़े 11 बजे रम्पुरा वार्ड नंबर 7 में तेजपाल के घर के सामने सट्टेबाजी को लेकर झगड़े की सूचना पर कांस्टेबल इंद्र सिंह और जितेंद्र सिंह वहां पहुंचे थे। घटनास्थल पर झगड़ा तो नहीं हो रहा था, लेकिन वहां मौजूद तेजपाल का भतीजा ओमवीर पुलिसकर्मियों से भिड़ गया। मामला बढ़ने पर चौकी इंचार्ज कुलदीप अधिकारी अपने स्टाफ के साथ पहुंचे और ओमवीर को पकड़कर चौकी ले आए। इसी बीच भीड़ भी पीछे-पीछे चौकी जा पहुंची और ओमवीर को निर्दोष बताते हुए छोड़ने का दबाव बनाया। भीड़ में शामिल लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरु कर दी। भीड़ को उकसा रहे हरीश उर्फ दद्दा को पकड़कर पुलिसकर्मियों ने चौकी के भीतर बिठा दिया तो उत्तेजित भीड़ ने चौकी पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरु कर दिए। करीब 20 मिनट तक चौकी पर पत्थर बरसते रहे और पुलिसकर्मियों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। सूचना पर पहुंची फोर्स ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर बितर किया। पुलिस ने दो और आरोपियों रामसेवक और रामकुमार निवासी रम्पुरा को भी गिरफ्तार कर लिया। पथराव से चौकी को भी नुकसान पहुंचा। सूचना मिलते ही एएसपी टीडी वैला, सीओ बीएस चौहान और कोतवाल जेसी पाठक भी चौकी पर पहुंच गए। पुलिस टीम ने रम्पुरा क्षेत्र में आरोपियों की तलाश में घरों मेें ताबड़तोड़ दबिशें दी। छह संदिग्धों को पकड़कर कोतवाली लाया गया, लेकिन तस्दीक करने के बाद छोड़ दिया गया। एसएसआई धीरेंद्र कुमार ने बताया कि एसआई कुलदीप की तहरीर पर हरीश, रामसेवक, सोनू खतम, दिनेश, अशोक मौर्या, सहदेव, सोनू, प्रमोद, चंद्रपाल, मुखिया, तेजपाल, कल्लू , रामकुमार, राजकुमार, बांगा, ओमवीर, बिटटू सहित 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 147,148,353,332,336,504,506 आईपीसी, 7 क्रिमिनल एक्ट और 3/4 लोक सम्पत्ति नुकसान अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। हरीश, रामसेवक, रामकुमार और ओमवीर को जेल भेज दिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं। एसएसपी केवल खुराना ने घटना को लेकर चौकी इंचार्ज को लताड़ लगाते हुए सभी नामजदों की गिरफ्तारी के लिए रात 12 बजे तक समय दिया है।