सड़क हादसों को रोकने के लिए पुलिस महकमे के अभियान के बाद प्रशासन भी सख्त हो उठा है। एसडीएम ने सरकारी व अर्द्ध सरकारी सभी ऑफिसों में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए फरमान जारी किया है।
उन्होंने कहा कि बाइक से ऑफिस आने वाले कर्मचारी हेलमेट पहनकर नहीं आए तो अनुपस्थिति लगाई जाए। इसके अलावा पंपों पर भी बिना हेलमेट के पेट्रोल न देने के निर्देश दिए हैं।
सोमवार को उपजिलाधिकारी अनिल शुक्ला ने नगर पालिका परिषद के सभागार में पंप स्वामियों व पालिका के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि बाइक चलाते समय खुद की सुरक्षा जरूरी है। पूरे प्रदेश में हेलमेट अनिवार्य अभियान चलाया जा रहा है।
बिना हेलमेट के एक भी बाइक नहीं चलने दी जाएगी। उन्होंने पंप स्वामियों को निर्देश दिए कि बिना हेलमेट के किसी भी बाइक सवार को पेट्रोल न दें। वहां पर ईओ सरिता राणा, पंप स्वामी बलविंदर सिंह आदि थे।