पुलिस भले ही आपराधिक वारदातों में रोकथाम में नाकाम हो रही हो, लेकिन गरीबों का उत्पीड़न करने से वह बाज नहीं आ रही है। आवास-विकास चौकी के कांस्टेबल ने जहां एक ओर वह व्यापारी पिता-पुत्र को गालीगलौज कर झूठे केस में फंसाने की धमकी दी, वहीं दूसरी ओर यातायात पुलिस कर्मी ने गरीब का ठेला पलट दिया।
आदर्श कालोनी चौकी क्षेत्र स्थित बालाजी द्वार के पास व्यापारी प्रभात खुराना की इलेक्ट्रानिक की दुकान है। मंगलवार की देर रात एक व्यक्ति ने दुकान से पंखे के बैरिंग खरीदे। एक घंटे बाद वह दोबारा दुकान में आया और बैरिंग लौटाकर रुपए मांगने लगा। जब दुकान स्वामी प्रभात के पिता ने बैरिंग के बदले कुछ और सामान ले जाने का आग्रह किया तो वह भड़क गया। इस दौरान उसने आवास विकास चौकी में तैनात एक कांस्टेबल को बुलवा लिया। आरोप है कि इस दौरान कांस्टेबल ने व्यापारी प्रभात और उसके पिता से गालीगलौज की। साथ ही झूठे केस में फंसाने की भी धमकी दी। व्यापारी ने आदर्श कालोनी चौकी में तहरीर सौंप कार्रवाई की मांग की है। चौकी इंचार्ज जयपाल सिंह चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं दूसरी ओर यातायात व्यवस्था के नाम पर बुधवार दोपहर यातायात पुलिस कर्मी ने रंपुरा निवासी व्यवसायी का ठेला पलट दिया। ठेली व्यापारी का कहना था कि वह सड़क किनारे फलों की ठेली लगाता है। दोपहर में यातायात पुलिस कर्मी आए और उसका ठेला पलट दिया। जिससे ठेली में रखे सारे फल खराब हो गए।