हाइवे स्थित गांव महेशपुरा में स्कार्पियो सवार बदमाश हेल्पर का अपहरण कर डंपर लूट ले गए। पुलिस के पीछा करने पर बदमाशों की स्कार्पियो पुलिया से टकरा गई। इस दौरान एक बदमाश को दबोच लिया गया। पुलिस ने राज्य सीमा से सटे यूपी के गांव मौलागढ़ क्षेत्र से लूटा गया डंपर भी बरामद कर लिया। अन्य बदमाशों की तलाश में पुलिस टीम यूपी के रामपुर क्षेत्र में डेरा डाले है। ग्रामीणों की मदद से पुलिस को सफलता मिली।
बृहस्पतिवार देर रात हाइवे स्थित गांव महेशपुरा में गदरपुर निवासी विजय कुमार के सड़क किनारे खड़े डंपर में हेल्पर वसीम सो रहा था। स्कार्पियो में सवार चार बदमाश आ धमके। बदमाशों ने हेल्पर को जबरन स्कार्पियो में खींचकर अपहरण कर लिया। तीन बदमाश डंपर लूट कर ले गये। खबर मिलते ही ग्रामीण भी आये। इस दौरान गश्त रही पुलिस टीम ने बदमाशों का पीछा किया तो बदमाशों की स्कार्पियो रामपुर रोड पर पुलिया से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई।
स्कार्पियो को छोड़कर बदमाश फरार हो गए। इस दौरान यूपी के गांव खासपुर बदायूं निवासी मुनाजिर को चाकू सहित गिरफ्तार कर लिया। हेल्पर वसीम उनके चंगुल से भाग निकला। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने यूपी सीमा क्षेत्र के गांव किशनपुर मौलागढ़ से लूटा गया डंपर बरामद कर लिया। डंपर मालिक विजय कुमार निवासी गदरपुर की तहरीर के आधार पर बदमाशों के खिलाफ धारा 392, 364, 323,504 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। टीम में कोतवाल बीएस धौनी, एसआई मनीष खत्री, मतलूब खान, जगवीर सिंह, सुरेंद्र कांबोज, प्रकाश, सुरेंद्र नेगी आदि थे।
डंपर लूटने वाला यूपी का सलीम गिरोह
बाजपुर। कोतवाल बीएस धौनी के अनुसार डंपर लूटने वाला यूपी का प्रमुख सलीम गिरोह है। जो वाहन लूट कर यूपी के गाजियाबाद और मुरादाबाद के हरथला क्षेत्र में बेचता है। इस गिरोह के सदस्यों पर यूपी के बदायूं सहित कई थाना क्षेत्र में लूट की वारदातों में जेल जा चुके हैं। पूछताछ में बदमाशों के नाम पता चले हैं। बदमाशों की तलाश में पुलिस टीम पश्चिमी यूपी क्षेत्र में भेजी गई है।