खालापार ट्रिपल मर्डर में पुलिस ने आरोपी वसीम की तलाश में दबिश दी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। पूछताछ के लिए आरोपी पक्ष के तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। मृतक पक्ष की ओर से सात लोगों को नामजद करते हुए शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। शाम के समय मेरठ से पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचे तो परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस फोर्स की मौजूदगी में देर शाम शवों को सुपुर्दे खाक कर दिया गया।
खालापार किदवईनगर में दरोगा की कोठी के पास बृहस्पतिवार रात पैसों के लेनदेन के विवाद में आरोपी वसीम ने फिल्मी स्टाइल में दोनों हाथों में दो पिस्टलों से अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। छह लोग लहूलुहान होकर मौके ही गिर गए। बाद में मेरठ में उपचार के दौरान हाजी इस्लाम, उसका भाई अख्तर और बेटे गुलशेर की मौत हो गई थी। घायल अकरम, शमशेर और नसीम का उपचार चल रहा है।
देर रात आईजी सुजीत पांडेय और डीआईजी जेके शाही ने भी घटनास्थल का दौरा किया था। तीनों शवों का मेरठ मेडिकल में पोस्टमार्टम कराया गया। शुक्रवार शाम तीनों मृतकों के शव घर पहुंचने पर कोहराम मच गया। पीड़ित और आरोपियों के घर आसपास हैं, इसलिए माहौल काफी तनावपूर्ण है। पुलिस की चिंता शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर है। खालापार में बड़ी तादाद में पुलिस, पीएसी और आरएफ की टुकड़ियां तैनात की गई हैं।
घटना की रिपोर्ट मृतक इस्लाम के बेटे नौशाद ने सात आरोपियों वसीम, नदीम, परवेज पुत्रगण रशीद, शाहनवाज पुत्र यासीन, शाकिर, शाकिब और रशीद पुत्रगण शमीम को नामजद किया है। रिपोर्ट में वारदात के पीछे लॉटरी के 80 हजार रुपये के लेनदेन का विवाद बताया गया है। हालांकि पुलिस बिजनौर के मंडावर में पूर्व मंत्री चितरंजन स्वरूप की फैक्ट्री से लूटे गए डेढ़ करोड़ रुपये के बंटवारे का विवाद मानकर चल रही है।
अख्तर और आरोपी वसीम दोनों ही लूट के मामले में जेल गए थे। उधर, वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश दीं, लेकिन वह घर से फरार मिले। पूछताछ के लिए तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। एसएसपी दीपक कुमार ने अधिकारियों के साथ खालापार का दौरा कर लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। पुलिस ने इस काम के लिए कुछ स्थानीय नेताओं और समाजसेवियों की भी मदद ली। पीड़ित परिवार को सांत्वना दी गई। उधर, देर शाम पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच तीनों शवों को सुपुर्दे-ए-खाक कर दिया गया। इस दौरान हजारों की भीड़ मौजूद रही। पुलिस भी घर से लेकर कब्रिस्तान तक साथ-साथ रही।
वसीम पर दर्ज हैं आधा दर्जन मुकदमे
ट्रिपल मर्डर का आरोपी वसीम शातिर किस्म का अपराधी है। शहर कोतवाली पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ लूट, हत्या, रंगदारी और गैंगस्टर के आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पूर्व मंत्री चितरंजन स्वरूप के बिजनौर से कैश लूटने के मामले में भी आरोपी पर मंडावर थाने में रिपोर्ट दर्ज है।