जमीन के कागजात में हेरफेर कर चकरपुर एसबीआई की शाखा से 1.26 करोड़ रुपये का कर्ज लेने के मामले में 19 काश्तकारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच में पता चला कि किसानों ने चार बीघा जमीन का 14 बीघा दर्शा दिया। हालांकि आरोपियों में से तीन किसानों ने पूरा कर्ज अदा कर दिया है।
एसबीआई के शाखा प्रबंधक अमित गर्ग ने कोतवाली पुलिस को 19 काश्तकारों के खिलाफ नामजद तहरीर दी थी। इन लोगों पर फर्जी दस्तावेज लगाकर करीब सवा करोड़ रुपये का ऋण लेने का आरोप लगाया। नामजद आरोपी किसानों में हरवंश सिंह निवासी भड़ाभुडिया, बनवारी सिंह भूड़ाकिसनी, भूपेंद्र सिंह फुलैया, हरदेव सिंह गांगी, अमित सिंह गुरुखुड़ा, विष्णु सिंह फुलैया, जशरथ सिंह बानूसा, जसवीर सिंह गोझरिया, वचिन सिंह झनकट, सुरेश सिंह, रवीश सिंह, कलावती निवासी सबौर, मुकेश सिंह उलधन, अर्जुन सिंह गुरुखुड़ा, विक्रम सिंह उलधन, मुकेश, महेश सिंह, उरवेश निवासी पहेनिया, शांति देवी निवासी गुरुखुडा के विरूद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों में से जसवीर, भूपेंद्र सिंह, सुरेश सिंह ने मार्च में कर्ज जमा कर दिया।
मामले की पड़ताल कर रहे जांच अधिकारी दिनेश बल्लभ ने कहा कि जमीन के अभिलेख जांचे जा रहे हैं, जिसमें काश्तकारों ने मौके पर चार बीघा जमीन को 14 एकड़ किया गया है। फर्जी कागज तैयार कर ठगी की गयी है।
इस प्रकरण में हल्द्वानी से क्षेत्रीय प्रबंधक मुकेश आर्य का कहना है कि पुलिस और विभागीय दोनों स्तर पर जांच चल रही है। जब कर्ज जमा नहीं होता तो विभागीय कार्रवाई की जाती है। इस मामले में भी ऋण की वापसी न होने पर कार्रवाई की गई है। जांच चल रही है। जांच पूरी होने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।