फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पिकप रोकने पर सीपीयू कर्मी को पीटा, हंगामा

Fri, 24 May 2019 11:43 PM IST
अरुण कुमार अमर उजाला ब्यूरो 
विज्ञापन
सीपीयू कर्मियों के साथ हुए विवाद के बाद कोतवाली में जमा सीपीयू कर्मी।  - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

दो माह पूर्व नो एंट्री में घुसे ट्रक को रोकने पर सीपीयू के साथ हुए बवाल की जांच अभी पूरी भी नहीं हुई कि शुक्रवार रात गलत दिशा से आ रहे एक पिकप वाहन को रोकने पर कुछ लोगों का सीपीयू से विवाद हो गया। सीपीयू कर्मियों ने एक पार्षद पति समेत तीन अन्य पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी है।

विज्ञापन


सीपीयू के दरोगा राजेश बिष्ट शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे अपनी टीम के साथ गाबा चौक पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान गलत दिशा से आ रहे पिकप वाहन को रोका, जिसमें सामान के साथ आठ सवारियां भी थीं। ड्राइवर से पिकप के कागजात मांगे तो वह राजेश से उलझ गया। इसी दौरान पिकप स्वामी बाजार क्षेत्र की एक महिला पार्षद का पति भी अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और सीपीयू की पार्षद पति समेत अन्य से नोकझोंक होने लगी। 

राजेश बिष्ट का आरोप है कि पार्षद पति ने उन्हें थप्पड़ मारने की कोशिश की, लेकिन वह बच गए और उन्होंने अपने मोबाइल से घटना की वीडियो बनानी शुरू कर दी। इस पर उन्होंने मोबाइल छीनने की कोशिश भी की। विरोध करने पर पार्षद पति के साथ ही पीछे से आए एक अन्य युवक और कुछ अन्य लोगों ने उन पर हमला कर दिया। मौके पर भीड़ जमा होने पर राजेश ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। 
विज्ञापन


इस पर कोतवाल केसी भट्ट, एसएसआई कमलेश भट्ट, यातायात निरीक्षक मनीष शर्मा, बाजार चौकी प्रभारी होशियार सिंह और आदर्श कॉलोनी चौकी प्रभारी विनोद जोशी मय फोर्स के मौके पर पहुंचे और भीड़ को तितर-बितर कर पिकप चालक समेत दो अन्य को हिरासत में ले लिया। कोतवाल केसी भट्ट ने बताया कि तीनों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही सीपीयू के दरोगा राजेश बिष्ट का भी मेडिकल कराया जा रहा है। पूछताछ के बाद घटना में शामिल कुछ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

पार्षद पति ने पिकप चालक को पीटने का लगाया आरोप
रुद्रपुर। पार्षद पति ने भी सीपीयू पर उनके पिकप वाहन के ड्राइवर से मारपीट करने का आरोप लगाया है। हालांकि सीपीयू दरोगा राजेश बिष्ट ने दावा किया कि उनके पास मारपीट का वीडियो है, जिसे वह जांच में शामिल करवाएंगे। 

मालवाहक वाहन में सवारी बैठाना अवैध
रुद्रपुर। नियमानुसार किसी भी मालवाहक वाहन में सवारी ढोने का प्रावधान नहीं है। शुक्रवार रात को सीपीयू से विवाद का कारण बने पिकप वाहन में कैटरिंग के सामान के साथ ही छह सवारी पीछे और दो सवारी चालक की बगल वाली सीट पर बैठी थी। मालवाहक वाहन में सवारी ढोने पर चालक के खिलाफ लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाती है। 

देर रात थाने में जमा हुए सीपीयू कर्मी
रुद्रपुर। शुक्रवार रात सीपीयू कर्मियों के साथ हुए विवाद की सूचना मिलते ही सीपीयू के सभी जवान थाने में पहुंच गए। सीपीयू प्रभारी अनीता गैरोला ने भी थाने अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। बता दें कि 29 मार्च को भी डीडी चौक पर एक ट्रक के नो एंट्री में घुसने को लेकर ट्रक चालक का सीपीयू से विवाद हुआ, जिसकी फिलहाल मजिस्ट्रेटी जांच चल रही है। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें