रामनगर में हुए हादसे में काशीपुर के राइस मिलर, उनकी पत्नी, बहन और जीजा की मौत की खबर ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया। दंपति की मौत की खबर पाकर उनके नवनिर्मित आवास पर रिश्तेदारों और परिचितों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया।
कृषि उत्पादन मंडी समिति में भोला ग्रेन एजेंसी फर्म के स्वामी तेजप्रकाश अरोरा (50) पुत्र दुलीचंद्र ने स्टेडियम स्थित मानपुर रोड कालोनी में मकान बनाया है। 27 जनवरी को गृह प्रवेश के उपलक्ष्य में उनके नवनिर्मित मकान में जागरण था। इसमें शामिल होने के लिए गुजरात के नोडियार से उनकी बहन किसनू सतरिया और जीजा डॉ. शांतिस्वरूप पुत्र रामजी दोसा भी आए थे। उन्हें काशीपुर में तीन फरवरी को होने वाले एक विवाह समारोह में भी भाग लेना था। चार दिन पहले यानी 28 जनवरी को ही अरोरा दंपति ने रामनगर रोड स्थित एक होटल में अपनी शादी की सिल्वर जुबली धूमधाम से मनाई थी। इसमें परिवार के लोगों के अलावा करीबी लोग मौजूद रहे। नए घर में आकर परिवार के सभी लोग खुश थे।
खुशी के इसी सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए बुधवार की सुबह तेजप्रकाश अरोरा अपनी पत्नी रश्मि अरोरा, जीजा डॉ. शांतिस्वरूप, दीदी किसनू आदि करीब दर्जन भर लोगों के साथ दो गाड़ियों से नैनीताल घूमने गए थे। वापसी में रामनगर के बैलगढ़ के पास उनकी अर्टिगा कार संख्या (यूके18ई/7555) सिंचाई विभाग की नहर में पलट गई। इस हादसे ने अरोरा परिवार की खुशियों पर ग्रहण लगा दिया। हादसे में तेज अरोरा, उनकी पत्नी रश्मि, बहन किसनू व जीजा शांतिस्वरूप की जान चली गई।
गंभीर रूप से घायल बालकृष्ण और उनकी पत्नी चंचल को काशीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस मनहूस खबर से काशीपुर में परिजनों और रिश्तेदारों में कोहराम मच गया। जिसने भी सुना वह स्तब्ध रह गया। मृतक अरोरा दंपति के परिवार में एक बेटा सागर (22) और बेटी सगारिका (19) है। बेटा बिजनेस ही संभालता है। तेजप्रकाश ने तीन अन्य राइस मिलें भी ठेके पर ली थीं। बेटी सगारिका नोएडा एमएटी से बीबीए कर रही है। इस हादसे को लेकर शहर में शोक व्याप्त है।