किराए पर रह रहे फैक्ट्री कर्मी ने पंखे पर फांसी से लटक कर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम केे लिए भिजवाया। मृतक के कमरे से पुलिस ने सुसाइड नोट भी बरामद किया है।
बिहार के ग्राम वनपुरा पांडे, पांडे टोला, थाना रसूलपुर जिला छपरा निवासी अमित पांडे (25) पुत्र केशव पांडे यहां मुरादाबाद रोड स्थित एक पाइप फैक्ट्री में कार्य करता है। अमित करीब 15 दिन से कुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम इस्लामनगर, बसई में मोहम्मद रजा के यहां अपने भांजे सरजीत के साथ किराए पर रह रहा था।
बृहस्पतिवार की दोपहर जब मकान मालिक ने कमरे का दरवाजा खोल कर देखा तो अमित रस्सी से पंखे पर फांसी पर लटका था। इस पर मकान मालिक ने सूर्या चौकी को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे चौकी इंचार्ज नासिर हुसैन ने पुलिस कर्मियों की सहायता से शव को नीचे उतारा। पुलिस ने कमरे में सुसाइड नोट भी बरामद किया। जिसमें उसने अपनी मौत के लिए स्वयं को ही जिम्मेदार ठहराया है। चौकी इंचार्ज ने बताया कि मृतक का भांजा भी कुछ दिन पहले किसी से काम से बाहर गया हुआ था। घर पर युवक अकेला था। परिजनों को सूचना दे दी गई है।