एक व्यक्ति ने आधार कार्ड बनाने वाले तीन युवकों पर उसकी पुत्री का फेसबुक में फर्जी आईडी से एकाउंट खोलने का आरोप लगाया। पुलिस ने सूचना एवं प्रोद्योगिकी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया।
फेसबुक पर लड़कियों की फर्जी आईडी से अश्लील मैसेज की बाढ़ सी आ गई है। दरअसल मैसेज भेेेेजने वाली लड़कियां नहीं, बल्कि लड़के होते हैं जो फर्जी आईडी से फेसबुक में एकाउंट खोल कर अश्लील मैसेज भेजते हैं। इस प्रकार की एक घटना यहां प्रकाश में तब आई है जब एक लड़की के पिता ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करने का साहस दिखाया।
काशीपुर कोतवाली में एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराकर कहा कि उसकी पुत्री ढकिया नंबर एक में आधार कार्ड बनाने के लिए गई थी। उसने आधार कार्ड के लिए फोटो खिंचवाया। परंतु आधार कार्ड बनाने वाले पंकज कुमार, टिंकू कुमार और शंकर ने उसकी पुत्री के फोटो से फेसबुक में फर्जी एकाउंट खोल दिया। साथ ही उन्होंने अश्लील मैसेज भेजकर उनकी लड़की को बदनाम किया। पुलिस ने सूचना एवं प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66ग में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।