स्वास्थ्य निदेशक कुमाऊं ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया तो कई खामियां उजागर हुईं। फायर उपकरण एक्सपायरी डेट के थे तो आपातकालीन कक्ष में रखा गया आक्सीजन का सिलेंडर भी खाली था। यही नही शौचालयों में भी गंदगी मिली। स्वास्थ्य निदेशक ने अस्पताल प्रबंधक को जमकर फटकार लगाई।
रविवार को स्वास्थ्य निदेशक कुमाऊं डा.एलएम उप्रेती ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। सबसे पहले उन्होंने आपातकालीन कक्ष का जायजा लिया।
यहां गंभीर मरीजों के लिए रखा गया आक्सीजन का सिलेेंडर खाली था, जिसे उन्होंने गंभीरता से लेते हुए तत्काल दूसरे सिलेंडर रखने को कहा।
इसके बाद उन्होंने अस्पताल भवन में जगह-जगह लगाए गए फायर उपकरणों की भी जांच की। उपकरण एक्सपायरी डेट के मिले। शौचालयों में गंदगी देख उन्होंने अस्पताल प्रबंधक को फटकार लगाकर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
बाद में डा.उप्रेती ने वार्डों का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर पीएमएम डा.हरीश लाल, सीएमएस डा.अमिता उप्रेती, अस्पताल के प्रबंधक अजयवीर सिंह समेत तमाम डाक्टर और अस्पताल कर्मी मौजूद थे।