आरपीएफ ने साइबर कैफे की आड़ में आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर ऑन लाइन फर्जी आईडी बनाकर ई-टिकटिंग की कालाबाजारी करने वाले दो युवकों धर दबोचा। इनके पास से 26 हजार से अधिक विभिन्न जगहों के 36 से अधिक ई-टिकट बरामद किए। आरपीएफ ने दोनों के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया।
दरअसल रेलवे की आईआरसीटीसी वेबसाइट पर ऑनलाइन फर्जी पर्सनल यूजर आईडी बनाकर अवैध रेलवे ई-टिकट बनाने का कारोबार बाजार में खूब फल फूल रहा है। जिस पर शिकंजा कसने के लिए मंडल सुरक्षा आयुक्त इज्जतनगर अमिताभ के निर्देश पर आरपीएफ की टीम ने जसपुर के बाजार में स्थानीय पुलिस के साथ छापा मारा। टीम ने मोहल्ला नत्था सिंह ठाकुर मंदिर के पास गंगा शरण ग्राहक सेवा केंद्र स्वामी और एक अन्य युवक को पर्सनल यूजर आईडी बनाकर अवैध तरीके से रेलवे ई-टिकट बनाकर अधिक मूल्य में बेचते रंगे हाथ पकड़कर आरपीएफ थाने ले आई।
पूछताछ में केंद्र स्वामी ने अपना नाम विकेश पाल निवासी मोहल्ला नत्था सिंह और इस गोरखधंधे में शामिल नौकर मुस्तकीम निवासी मोहल्ला पट्टी चौहान जसपुर बताया। टीम ने उनकी निशानदेही पर विभिन्न मार्गों के 26442 रुपये कीमत के अवैध ई-टिकट बरामद किए। टीम ने अवैध ई-टिकटिंग बनाने के प्रयोग में लाए जा रहे दो मोबाइल, एक लैपटॉप, एक कंप्यूटर, एक प्रिंटर, सीपीयू अन्य सामग्री और 28800 रुपये नकद, एक गोपनीय डायरी (जिसमें फर्जी आईडी, पासवर्ड और टिकटों के लेखा-जोखा अंकित है) जब्त कर लिए। गिरफ्तार दुकान मालिक और कर्मचारी के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया। टीम में उपनिरीक्षक तरुण अत्री, एसआई अनिल जोशी, हेड कांस्टेबल दीवान नाथ, दौलत सिंह, रमेश सिंह, सिराज सिंह आदि थे।
त्योहारी सीजन पर कमाते थे हजार रुपये तक मुनाफा
काशीपुर। आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर ग्राहकों को बेचने के लिए काशीपुर, मुरादाबाद से लखनऊ, पटना, देवरिया, सिवान दिल्ली, कोलकाता, जम्मूतवी, सूरतगढ़, बांदीकुई, गांधीधाम इलाहाबाद, प्रतापगढ़, कोटा, आसनसोल, रुड़की, यशवंतपुर, दुर्गापुर समेत अन्य कई जगहों के करीब 26442 के 38 रेलवे के अवैध ई-टिकट बरामद किए गए।
टिकटों के अवैध कारोबार करने के लिए बनाई कई फर्जी आईडी का खुलासा किया। अवैध तरीके से बनाए गए टिकटों की जानकारी की तफ्तीश आईआरसीटीसी मुख्यालय दिल्ली से प्राप्त किया जाएगा। इससे विभाग को पूरा पैसा मिलता है लेकिन यह बिना सीजन के 300-400 और त्योहारी सीजन में 500 से लेकर 1000 तक अतिरिक्त चार्ज लेकर मोटा मुनाफा कमाते हैं।
कोट:
क्षेत्र में रेलवे ई-टिकट की कालाबाजारी करने वाले जसपुर के दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान किया है। इस तरह अवैध धंधा करने वाले दुकानदार आरपीएफ की रडार पर है। ग्राहकों को लूटने वाले ऐसे साइबर कैफे और दुकानदारों पर शिकंजा कसने के लिए कार्रवाई अमल लाएगी जाएगी।
- ओपी मीणा, निरीक्षक आरपीएफ, काशीपुर।