आयकर विभाग द्वारा बुधवार को शहर में की गई बड़े स्तर की छापेमार कार्रवाई से शहर के लोगों में खलबली मच गई। लखनऊ से रुद्रपुर पहुंची चार टीमों ने एक पीसीएस अधिकारी और एक कॉलोनाइजर के आवास के साथ ही एक कॉलोनाइजर के कार्यालय और व्यवसायी की दुकान में छापेमारी कर आवश्यक दस्तावेजों की जांच पड़ताल की। आयकर विभाग द्वारा अचानक की गई बड़ी कार्रवाई से जिला प्रशासन भी सकते में आ गया।
रुद्रपुर शहर में आयकर विभाग द्वारा की गई छापेमारी आयकर विभाग के उत्तराखंड और यूपी के डीजी आशू जैन के निर्देशों पर हुई। जैन द्वारा पूरे जनपद के लिए 22 टीमों का गठन किया गया। इसमें से चार टीमों ने रुद्रपुर के सरकारी अधिकारी, कॉलोनाइजर और व्यापारी के प्रतिष्ठान में छापेमारी की। मंगलवार सुबह हल्द्वानी पहुंची टीम ने वहां पर मीटिंग करने के बाद दिन भर छापेमारी की रणनीति तैयार की और बुधवार सुबह रुद्रपुर के लिए रवाना हो गई।
रुद्रपुर पहुंचने पर सबसे पहले एक टीम पीसीएस अधिकारी एसएलओ दिनेश प्रताप सिंह के कलक्ट्रेट स्थित सरकारी आवास पहुंची और अपनी जांच शुरू कर दी। दूसरी टीम काशीपुर रोड स्थित एलायंस कॉलोनी स्थित सी-27 में कॉलोनाइजर सुधीर चावला के आवास पर पहुंची, लेकिन आवास बंद होने के कारण टीम को सात घंटे इंतजार के बाद सुधीर के घर की चाबी मिली।
तीसरी टीम सुधीर चावला के मुख्य बाजार स्थित पैतृक आवास पर पहुंची, लेकिन वहां पर भी टीम को कोई नहीं मिला। चौथी टीम ने मनिहारी गली स्थित उपहार गिफ्ट सेंटर में पांच घंटे तक छापेमारी की कार्रवाई की। आयकर विभाग द्वारा अचानक की गई बड़े स्तर की छापेमार कार्रवाई से जहां लोगों में खलबली मच गई, वहीं जिला प्रशासन के भी हाथ पांव फूल गए।
एलायंस कॉलोनी में हुआ टीम का विरोध
छापेमारी को रुद्रपुर शहर में पहुंची आयकर विभाग की टीम जब काशीपुर रोड स्थित एलायंस कॉलोनी निवासी सुधीर चावला के सी-27 आवास पर पहुंची, तो टीम को वहां मौजूद लोगों का विरोध करना पड़ा, सुधीर चावला के घर पर न होने से उनके पड़ोसियों ने टीम को गेट के बाहर ही रोक दिया। जब टीम ने लोगों को अपने आई कार्ड दिखाए, तो टीम गेट के अंदर पहुंची। लेकिन उसके बाद भी टीम को सात घंटे इंतजार के बाद सुधीर के रिश्तेदारों से उसके घर की चाबी मिली और उन्होंने घर के अंदर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की।
कॉलोनाइजर के ऑफिस में मिले सरकारी दस्तावेज
शहर में छापेमारी को पहुंची आयकर विभाग की एक टीम जब काशीपुर बाइपास रोड स्थित एलायड प्लस इंफ्रा एंड अर्द्स के कार्यालय में जांच को पहुंची तो बताया जा रहा है कि वहां टीम को एक पटवारी द्वारा रखे गए कुछ सरकारी दस्तावेज मिले। जिन्हें टीम ने अपने कब्जे में ले लिया। सूत्रों के अनुसार अगर पटवारी द्वारा सरकारी दस्तावेजों को कॉलोनाइजर के कार्यालय में रखने की पुष्टि होती है तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा सकता है।
जाफरपुर में भी हुई छापेमारी
छापेमारी को शहर में पहुंची आयकर विभाग की टीम जब मनिहारी गली स्थित उपहार गिफ्ट सेंटर में पहुंची तो वहां उन्हें जाफरपुर में भी किसी व्यापारी के पास आय से अधिक संपत्ति होने की सूचना मिली। इसके चलते टीम ने जाफरपुर में भी कुछ स्थानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की।