क्रेन चालक का शव फैक्ट्री के शौचालय से बरामद हुआ। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। हृदयाघात से मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
ग्राम चंदुपुरा टांडा स्वार रामपुर निवासी सुधीर सिंह (45) पुत्र रामसिंह लंबे समय से बाजपुर रोड स्थित एक फैक्ट्री में क्रेन चलाता था। बुधवार सुबह वह रोजाना की तरह ड्यूटी पर गया था। जानकारी के अनुसार, सुधीर खाने के बाद शौचालय गया और काफी देर तक बाहर नहीं आया। इस पर एक कर्मचारी ने शौचालय का दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई हरकत नहीं हुई। जब कर्मचारी ने रोशनदान में झांककर देखा तो सुधीर बेसुध पड़ा था।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। उधर, सूचना पर मृतक का छोटा भाई जयप्रकाश ग्रामीणों के साथ आईटीआई थाना पहुंचा। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
सुधीर दो भाइयों में बड़ा था। उसकी पत्नी कमलेश और 14 वर्षीय पुत्र गोविंद है। जहां परिजन सुधीर की मौत को संदिग्ध मान रहे हैं, वहीं पुलिस और फैक्ट्रीकर्मी हृदयाघात से मौत होने की आशंका जता रहे हैं। इधर एसओ आईटीआई कुलदीप सिंह अधिकारी ने बताया कि मृत्यु का कारण ज्ञात नहीं हो सका है। बिसरा जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। समाचार लिखे जाने तक तहरीर नहीं दी गई थी।