रुद्रपुर में पुलिस की गिरफ्त में नशे के धंधेबाज दंपत्ति
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने नशे के कारोबार में लिप्त दंपति को नशे के इंजेक्शन और स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दंपति बाजपुर में हुई चोरियों के मामले में नामजद थे। पत्नी जमानत पर रिहा हुई थी जबकि पति वांछित चल रहा था। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट का मुकदमा दर्ज करने के साथ ही बाजपुर पुलिस को सूचना दी है। पूर्व में भी कोतवाली पुलिस नशीले इंजेक्शन की खेप के साथ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
रविवार को कोतवाली पुलिस ने रामपुर बार्डर पर चेकिंग के दौरान बाइक सवार दंपति को रोका। पुलिस को देखकर दंपति घबरा गए। शक होने पर पुलिस ने महिला के पास मौजूद बैग की तलाशी ली तो उसमें नशे के इंजेक्शन बरामद हुए। पुलिस दोनों को कोतवाली ले आई। यहां बैग की तलाशी में 575 प्रतिबंधित इंजेक्शन मिले। साथ ही 5.2 ग्राम स्मैक भी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम नवाब अली और तरन्नुम पत्नी नवाब अली निवासी रेशमबाड़ी बताया।
दोनों ने बताया कि वे रामपुर और बरेली से इंजेक्शन और स्मैक खरीदकर लाते थे और शहर में ग्राहकों को सप्लाई करते थे। एसएसआई कमलेश भट्ट ने बताया कि पकड़े गए दंपति बीते मार्च में बाजपुर में हुई चोरी, डकैतियों में भी लिप्त थे। पुलिस ने तरन्नुम को गिरफ्तार कर जेल भेजा था जबकि पति नवाब फरार चल रहा था। तरन्नुम बीते नौ अगस्त को ही जमानत पर रिहा हुई थी। नवाब लंबे समय से नशे का कारोबार कर रहा था। बताया कि पकड़ी गई स्मैक का बाजार मूल्य करीब एक लाख रुपये है। बरामद नशे की खेप को सील कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।