एनएच निर्माण में अनिमियतताओं को लेकर जांच के दायरे में आये भूमि अध्याप्ति अधिकारी (एसएलओ) दिनेश प्रताप सिंह के सरकारी आवास से आयकर विभाग ने 18 घंटे की जांच के बाद सवा तीन लाख की नगदी बरामद की है। सूत्रों के अनुसार आयकर की टीम ने डीपी सिंह के उत्तराखंड और यूपी के चार अन्य ठिकानों पर दो करोड़ से अधिक की नगदी और 27 करोड़ की संपत्ति का ब्यौरा जब्त किया है। कालोनाइजर से भी 24 घंटे की पूछताछ के बाद आयकर अधिकारियों के हाथ महत्वपूर्ण दस्तावेज लगे हैं।
जिले में छापेमारी के लिए पहुंची आयकर विभाग की 22 टीमों में से चार टीमों ने बुधवार को रुद्रपुर के एक पीसीएस अधिकारी के सरकारी और एक कालोनाइजर के निजी आवास पर छापेमारी की। पीसीएस अधिकारी दिनेश प्रताप सिंह के क्लेक्ट्रेट स्थित सरकारी आवास पर पहुंची टीम ने 18 घंटे छानबीन की। उनके आवास से टीम ने सवा तीन लाख की नगदी बरामद की। आयकर विभाग के अधिकारियों से पूछताछ में सिंह ने नगदी का ब्यौरा देते हुए बताया कि उन्होंने यूकेलिप्टस के पेड़ बेचे थे और उक्त नगदी उसी की है, जिसके सबूत भी सिंह ने आयकर टीम को दिखाये।
सूत्र बताते हैं कि रुद्रपुर के साथ ही डीके सिंह के उत्तराखंड और यूपी के चार अन्य ठिकानों से भी आयकर की टीम ने 2 करोड़ 30 लाख की नगदी के साथ ही 27 करोड़ की संपत्ति का ब्यौरा जब्त किया है। इधर एलायंस कालोनी स्थित कालोनाईजर सुधीर चावला के निवास पर भी आयकर की टीम ने 24 घंटे की जांच पड़ताल पूरी कर महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। मनिहारी गली स्थित उपहार गिफ्ट सेंटर से भी टीम ने कुछ कागजात कब्जे में लिए हैं।