समाचार पत्र अभिकर्ता से दिनदहाड़े लूट के मामले में पुलिस ने तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है। मामले में आधा दर्जन से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की जा चुकी है, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग सका है।
बता दें कि मॉडल कालोनी निवासी अनिल तनेजा को शनिवार सुबह दस बजे बाइक सवार तीन बदमाशों ने घेर लिया। बदमाशों ने बाइक से टक्कर मारकर स्कूटी को गिरा दिया और स्कूटी की डिक्की में रखे 15 हजार रुपये निकालकर फरार हो गए। पुलिस ने बदमाशों की तलाश के साथ ही घटनास्थल के आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाली। एक फुटेज में बदमाश कैद तो हुए, मगर तस्वीर धुुंधली होने से पहचान नहीं सकी थी।
बाइक सवार दो बदमाशों ने मुंह पर कपड़ा बांधा था, लेकिन एक बदमाश ने चेहरा नहीं ढका था। इधर पुलिस ने अनिल की तहरीर पर तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आठ संदिग्धों से पूछताछ भी की है। इसके अलावा पूर्व में लूट की घटनाओं में जेल जा चुके बदमाशों की लोकेशन का पता लगाया जा रहा है। एसपी सिटी देवेेंद्र पिंचा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में कुछ सुराग हाथ लगे हैं। एसओजी के अलावा एक टीम घटना के खुलासे के लिए लगाई गई है।