टाटा मोटर्स में श्रमिक की मौत के बाद मुआवजे की मांग को लेकर हुए बवाल, पथराव और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने एक महिला श्रमिक सहित 11 श्रमिकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस नामजद आरोपियों की धरपकड़ में जुटी है।
टाटा मोटर्स में ट्रेनी ऑपरेटर संदीप विश्वकर्मा की शनिवार को ड्यूटी के दौरान हृदय गति रुकने से मौत हो गई थी। संदीप की मौत के बाद कंपनी के श्रमिकों ने संदीप के परिजनों को 25 लाख का मुआवजा देने, परिवार के एक सदस्य को नौकरी और पेंशन की मांग रखी थी। सोमवार को तीनों मांगों को लेकर श्रमिकों ने फैक्ट्री परिसर में काम बंद कर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया था। प्रबंधन ने पेंशन और नौकरी की बात मानी थी, लेकिन मुआवजे की इतनी बड़ी धनराशि देने पर हाथ खड़े कर दिए थे।
सोमवार को दोपहर करीब 2:30 बजे दूसरी शिफ्ट के श्रमिकों के आने के बाद भीड़ उग्र हो गई और पथराव करने के साथ ही कंपनी में भी तोड़फोड़ कर दी थी। बड़ी संख्या में पहुंची पुलिस ने बमुश्किल हालात पर काबू पाया था। इधर, बवाल शांत होने के बाद पुलिस ने वीडियोग्राफी के आधार पर श्रमिकों को चिन्हित करना शुरू कर दिया था। पुलिस ने सिक्योरिटी हेड धन सिंह नेगी की तहरीर पर एक महिला समेत 11 श्रमिकों पर उपद्रव, तोड़फोड़ सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
इन पर दर्ज किया गया है मुकदमा
भावना निवासी ग्राम मल्लाकोट कोश्याकुटौली नैनीताल, शेखर सिंह निवासी कादीपुर जिला सुल्तानपुर यूपी, रघुनाथ तिवारी निवासी ग्राम चरोदा थाना भीमपुरा जिला बलिया यूपी, विनय सिंह निवासी ग्राम भोजापुर जिला चंदोली, राजब अली निवासी ग्राम पहाड़गंज जिला फैजाबाद, राहुल तुरकत निवासी ग्राम गायखुरी जिला बालाघाट एमपी, अनंत केशव निवासी ग्राम चांदपुर जिला बलिया यूपी, सुनील विश्वकर्मा निवासी ग्राम नूरी जिला महाराज यूपी, दशरथ निवासी ग्राम पकड़ी जिला महाराजपुर, शैलेंद्र कुमार आर्या निवासी ग्राम दिगोली जिला अल्मोड़ा और विपिन कुमार निवासी ग्राम मरदानपुर यूपी शामिल हैं।
एहतियातन कंपनी में तैनात रहेगी फोर्स
टाटा मोटर्स में हुए बवाल के बाद मंगलवार को मजदूर दिवस पर छुट्टी के बावजूद एहतियातन पुलिसकर्मी नजर बनाए रहे। बुधवार को भी फोर्स कंपनी में तैनात रहेगी। एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने बताया कि श्रमिकों को समझाकर शांत कर दिया गया था। बुधवार को एक प्लाटून पीएसी और पुलिसकर्मी एहतियातन तैनात रहेंगे। अगर कोई श्रमिकों को बरगलाता है तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी।
ऑपरेटर संदीप के निधन पर शोक जताया
सिडकुल कांट्रेक्टर एंड वेलफेयर एसोसिएशन की स्थानीय कार्यालय में हुई बैठक में टाटा मोटर्स में ट्रेनी ऑपरेटर संदीप कुमार विश्वकर्मा के निधन पर शोक व्यक्त कर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान अध्यक्ष हिमांशु शुक्ला, महामंत्री आशीष भटनागर, अजमेर सिंह, मोहित चड्ढा, जुबेर मलिक, हरवेंद्र राव, रामशिष्य वर्मा, आरबी माथुर, उमेश बिष्ट, अवतार सिंह, मलकीत सिंह आदि थे।